पीएनबी घोटाले के आरोपी मेहुल चौकसी ने एक बार फिर भारत आने से इनकार कर दिया है। भगोड़े चौकसी ने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कहा कि वह खराब स्वास्थ्य के चलते भारत नहीं आ सकता। उसने कहा कि ठीक होने के बाद भारत आएगा। हालांकि घोटाले के आरोपी चौकसी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालती कार्यवाही में शामिल होने की बात कही है।
मामले की सुनवाई के दौरान उसके वकील ने दलील दी कि चोकसी का स्वास्थ्य खराब है। इसलिए उनका बयान या तो वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये दर्ज किया जाए अथवा ईडी के अधिकारी एंटीगुआ जाकर बयान दर्ज करें। अगर ऐसा नहीं हो सकता तो तीन महीने इंतजार करना पड़ेगा। जब चोकसी की तबीयत ठीक हो जाएगी तब वह खुद अपना बयान दर्ज कराने के लिए आएंगे।
पिछली सुनवाई के दौरान भी बीमारी का हवाला दिया था। चोकसी ने प्रार्थना पत्र में लिखा था कि साल 2012 से दिमाग में खून के थक्के से पीड़ित हूं। साथ ही 20 साल से मधुमेह भी है। इसलिए वह 41 घंटे की हवाई यात्रा नहीं कर सकता।































































