उत्तर प्रदेश के कन्नौज में भीषण सड़क हादसा हो गया है. यहां के जीटी रोड हाईवे पर डबल डेकर बस और ट्रक में टक्कर हो गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई. बताया जा रहा है कि बस में 50 लोग फंसे हुए हैं. बस कन्नौज के गुरसहायगंज से जयपुर जा रही थी. सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का त्वरित संज्ञान लिया है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और यात्रियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. दमकल की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुईं हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार रात 8 बजे घटी. हादसे के बाद ट्रक में भी आग लग गई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में आग लगने के बाद यात्री भागने में असमर्थ थे. जिस वक्त आग लगी उस वक्त यात्री सो रहे थे और दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि बस में फंसे कई यात्रियों की मौत हो सकती है, लेकिन अधिकारियों ने अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है.





























































