महाराष्ट्र में चालू होंगी फैक्ट्रियां, ब्लूप्रिंट हो रहा है तैयार

0

महाराष्ट्र सरकार राज्य में कुछ उद्योगों को राहत देने पर विचार कर रही है, ताकि राज्य के कुछ इलाकों में उद्योगों को फिर से चालू किया जा सके. सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र के 7 जिलों में कोरोना वायरस का एक भी केस नहीं मिला है, जबकि 9 जिले ऐसे हैं जहां एक केस पाया गया है. सरकार इन जिलों में औद्योगिक गतिविधियां शुरू कर सकती है. यदि ये जिले पड़ोस के हैं तो सरकार यहां ट्रांसपोर्ट व्यवस्था भी शुरू कर सकती है.

नगर निगम के दायरे से बाहर शुरू हो सकते हैं उद्योग
महाराष्ट्र के 5 जिले जहां कोरोना वायरस के सिर्फ शहरी इलाकों में मिले हैं, यानी कि जो क्षेत्र नगर निगम के दायरे में हैं, उसे छोड़कर बाकी जगहों पर कारखानों को चालू किया जा सकता है. बता दें कि महाराष्ट्र की ज्यादातर औद्योगिक इकाइयां इन्हीं जगहों पर स्थित है. नासिक जिला इसका उदाहरण है. ऐसे क्षेत्रों में भी उद्योग-धंधों को चालू किया जा सकता है.

बता दें कि महाराष्ट्र में इस वक्त फार्मा, आवश्यक वस्तुओं से जुड़ी फैक्ट्रियां (पैकेजिंग, कच्चा माल) खाद्य प्रसंस्करण, साबुन, डिटरजेंट इत्यादि ही चल रही हैं.

हालांकि इस बाबत कोई भी अंतिम फैसला केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले दिशानिर्देशों के बाद ही लिया जाएगा. महाराष्ट्र सरकार ने मजदूरों की आवाजाही का मुद्दा भी केंद्र के साथ बातचीत में उठाया है. अगर राज्य में फैक्ट्रियां चालू होती है तो मजदूरों की जरूरत पड़ेगी, लेकिन कई मजदूर औद्योगिक केंद्रों से दूर फंसे हुए हैं.

बता दें कि लॉकडाउन लागू होने के बाद मुंबई-नवी मुंबई समेत महाराष्ट्र के अलग अलग जिलों में लाखों प्रवासी मजदूर फंसे हैं.

उद्योग मंत्री ने भी दिए संकेत
महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने भी संकेत दिया है कि राज्य सरकार सुरक्षित स्थानों पर उद्योगों को खोलने के पक्ष में है. सुभाष देसाई ने कहा, “हम लोग एक प्रस्ताव पर काम कर रहे हैं, वैसी फैक्ट्रियां जो रेड जोन में हैं, उन्हे छोड़कर बाकी को स्पष्ट दिशानिर्देशों के साथ खोला जा सकता है.”

बता दें कि महाराष्ट्र देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है. यहां अबतक कोरोना के चपेट में 1985 लोग आ चुके हैं. इस राज्य में 217 लोग इलाज के दौरान स्वस्थ हो चुके हैं, हालांकि 149 लोगों की मौत इलाज के दौरान हो चुकी है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना कहर बरपा रहा है.

Previous articleराशिफल : 14 अप्रैल 2020 जाने क्या कहता है मंगलवार का दिन
Next article14 अप्रैल 2020 मंगलवार, पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त