चीनी स्मार्टफोन निर्माता कंपनी हॉनर जल्द ही अपना नया स्मार्टफोन भारतीय बाजार में पेश करेगा जिसका नाम हॉनर 8सी हो सकता है। Honor 7C के अपग्रेड को 29 नवंबर को एक्सक्लूसिव तौर पर अमेजन पर लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने बीते महीने चीन में Honor 8C को उतारा था और अब इसे भारतीय बाजार में पेश करने की कोशिश है।
भारत में Honor 8C की कीमत का ऐलान 29 नवंबर यानी गुरुवार को ही किया जाएगा। चीनी मार्केट में Honor 8C की कीमत 1,099 चीनी युआन (करीब 11,800 रुपये) से शुरू होती है। इस दाम में 4 जीबी रैम और 32 जीबी स्टोरेज वेरिएंट बेचा जाता है। इस फोन के 4 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज मॉडल का दाम 1,399 चीनी युआन (करीब 15,000 रुपये) है। हालांकि भारत में इस फोन की कीमत क्या होगी, उसकी जानकारी नहीं है।
इसमें 6.26 इंच का एचडी+ (720×1520 पिक्सल) टीएफटी एलसीडी आईपीएस डिस्प्ले है। आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। स्मार्टफोन में ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 626 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है। ग्राफिक्स के लिए एड्रेनो 506 जीपीयू इंटीग्रेटेड है। आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड 8.1 ओरियो पर आधारित ईएमयूआई 8.2 पर चलने वाला यह फोन 4 जीबी रैम के साथ आता है।
इनबिल्ट स्टोरेज के दो विकल्प हैं- 32 जीबी और 64 जीबी। दोनों ही वेरिएंट 256 जीबी तक के माइक्रोएसडी कार्ड को सपोर्ट करेंगे। कैमरा की बात करें तो इसके बैक पैनल पर डुअल कैमरा सेटअप है। प्राइमरी सेंसर 13 मेगापिक्सल का है। इसके साथ 2 मेगापिक्सल का एफ/2.4 अपर्चर वाला ब्लैक एंड व्हाइट सेंसर दिया गया है। फ्रंट पैनल पर हैंडसेट में 8 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है। इसका अपर्चर एफ/2.0 है। दोनों ही कैमरा सेटअप एलईडी फ्लैश से लैस हैं। फोन में जान फूंकने का काम करती है 4000 एमएएच की बैटरी। हालांकि अभी यह जानकारी नहीं है कि भारत में लॉन्च होने वाले फोन में यह सभी फीचर यही रहेंगे या उनमें कोई बदलाव किया जाएगा।






























































