भाजपा में शामिल होने के बाद आज ज्योतिरादित्य सिंधिया आज दो दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंचे गए हैं। उनके साथ नरेंद्र तोमर भी दिल्ली से भोपाल आए हैं। उनका स्वागत करने के लिए नरोत्तम मिश्रा, गोपाल भार्गव, यशोधरा राजे सिंधिया सहित कई बड़े नेता एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट से निकलते ही पहले से जमा बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने उन्हें बाहों में उठाकर आगे बढ़ाया और फूल बरसाए। सिंधिया के भोपाल आने की खुशी बीजेपी की खुशी संभालें नहीं संभलती। कुछ लोग फूल मालाएं फेंक रहे थे तो कोई उनसे हाथ मिलाने की जद्दोजहद करता दिखा।
सिंधिया के स्वागत में बीजेपी ने शानदार तैयारी की है। राजा भोज एयरपोर्ट से बीजेपी कार्यलय तक उनके रोड शो में फूल बरसाकर खुशी जाहिर की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार, एयरपोर्ट से वे भाजपा प्रदेश कार्यालय आकर पं. दीनदयाल उपाध्याय, विजयाराजे सिंधिया, कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमाओं और माधवराव सिंधिया के चित्र पर माल्यार्पण करेंगे। इस दौरान कार्यालय में सिंधिया के स्वागत में एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा।



































































