पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को बीजेपी उम्मीदवार और अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ जमकर गरजीं। ममता ने खुद को रॉयल बंगाल टाइगर बताते हुए कहा कि वह शेर की तरह जवाब दे सकती हैं। बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा कि उनपर यूपी बिहार से लाए गए गुंडों ने हमला किया। साथ ही उन्होंने महिलाओं से बर्तनों को हथियार बनाने की अपील की।
ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान कहा, ”जो संस्कृति को प्यार नहीं कर सकते, वे यहां राजनीति नहीं कर सकते हैं। नंदीग्राम गुंडागर्दी देख रही है। हमने बुरुलिया में मीटिंग की, टीएमसी ऑफिस को तोड़ दिया गया। वह (शुभेंदु अधिकारी) जो चाहता है कर रहा है। मैं भी खेल खेल सकती हूं। मैं भी शेर की तरह जवाब दूंगी। मैं रॉयल बंगाल टाइगर हूं।”
ममता ने पैर में चोट को यूपी-बिहार से लाए गए गुंडों का हमला बताते हुए कहा, ”उन्होंने मुझ पर हमला किया। नंदीग्राम के किसी व्यक्ति ने मुझ पर हमला नहीं किया, लेकिन आप (बीजेपी) यूपी, बिहार से गुंडे लेकर आए। हम निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं। यदि वे आएं तो महिलाओं को उन्हें बर्तनों से पीटना चाहिए।”
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को नंदीग्राम में विशाल रोडशो किया जहां वह अपने पूर्व सहयोगी और अब भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं। पूर्वी मेदिनीपुर जिले की की इस महत्वपूर्ण सीट पर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 1 अप्रैल को मतदान होगा।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ रोडशो में बनर्जी ने रेयापाड़ा खुदीराम मोड़ से ठाकुर चौक तक 8 किलोमीटर लंबा सफर तय किया। इस दौरान वह व्हीलचेयर पर रहीं और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करती रहीं। रोडशो में सैकड़ों स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद के नारे लगाए। वह बाद में एक रैली को भी संबोधित करेंगी।
तृणमूल अध्यक्ष ने घोषणा की है कि वह गुरुवार को मतदान होने तक नंदीग्राम में ही रहेंगी। दूसरे चरण के लिए मतदान 30 अप्रैल शाम पांच बजे खत्म होगा। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी नंदीग्राम में रोडशो में हिस्सा ले सकते हैं।



































































