होशंगाबाद – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में कलेक्टर प्रियंका दास की अध्यक्षता में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपने कार्यालयीन अन्य कार्यो के साथ चुनाव से संबंधित सभी कार्यों को प्राथमिकता से करें। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त तक मतदाता सूची में नाम जोडने अथवा हटाने की कार्यवाही की जा सकती है। इसके पश्चात मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए सभी रजिस्ट्रीकरण अधिकारी इस बात पर ध्यान दें कि कोई भी पात्र मतदाता पंजीयन से वंचित ना रहे तथा किसी भी अपात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में ना रहे। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में विस्थापित होकर आए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोडना सुनिश्चित करें। यदि किसी भी विस्थापित मतदाता का नाम मतदाता सूची में नहीं आ पाता है तो संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी पर कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि सभी एसडीएम अपने क्षेत्रों में मतदाताओं के लिंगानुपात को बैलेंस करने पर ध्यान दें। जिन मतदान केन्द्रों पर महिला मतदाताओं की संख्या कम है वहां विशेष अभियान चलाकर महिला मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े।
कलेक्टर ने कहा कि सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्य का परीक्षण करें। साथ ही यह देखें कि मतदान केन्द्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अश्योर्ड मिनीमम फेसिलिटी है या नहीं। आयोग के निर्देशानुसार सभी मतदान केन्द्रों का विद्युतीकरण किया जाना हैं। यदि किसी केन्द्र पर विद्युत व्यवस्था नहीं है तो आवेदन कराकर स्थायी विद्युत कनेक्शन दिलवाएं। दिव्यांगजनों के आवागमन हेतु रैंप बनवायें। यह सुनिश्चित करें कि सभी मतदान केन्द्रों मे पुरूषों एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय है। जिन केन्द्रों में किसी भी प्रकार की मरम्मत कराने की आवश्यकता है उसे शीघ्र पूर्ण करायें। सभी एसडीएम ईव्हीएम के लिए स्ट्राँग रूम का चिन्हांकन कर लें। कलेक्टर ने जुलाई माह में राजस्व अधिकारियों के सीएम हेल्पलाईन में प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी संतुष्टि के साथ निराकृत शिकायतों का प्रतिशत बढाएं। उन्होंने कहा कि समाधान ऑनलाईन में सितंबर माह के लिए चयनित विषयों में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें हैं। संबंधित अधिकारी उनका निराकरण करें तथा फोर्स क्लोज शिकायतों का पुनर्वालोकन करें। उन्होंने आगामी 29 अगस्त को प्रदेश के मुख्य सचिव श्री बीपी सिंह द्वारा ली जाने वाली संभागीय समीक्षा बैठक के लिए तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भू-राजस्व संहिता में किए गए संशोधनों के संबंध में चर्चा की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री केडी त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर श्री आदित्य रिछारिया, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट एवं निधि सिंह गोहल सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे।





























































