रायसेन – (ईपत्रकार.कॉम) |मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाईन रायसेन सहित प्रदेश के अन्य जिलों में नवनिर्मित पुलिस आवास गृहों का लोकार्पण किया गया। जिला मुख्यालय रायसेन स्थित डीपीआर लाईन में स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने मप्र पुलिस आवास एवं अधोसंरचना विकास निगम द्वारा 14 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित 24 अराजपत्रित एवं 96 आरक्षक आवास गृह का लोकार्पण किया। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि इन नवीन आवासगृहों में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि बेहतर पुलिस सेवाओं के लिए पुलिस जवानों को रहने के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है ताकि उनका परिवार सुरक्षित एवं तनावमुक्त रह सके। पुलिस के जवान देश सेवा, आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत् रूप से ड्यूटी करते हैं। उन्होंने कहा कि गांव हो या शहर, समाज के हर एक वर्ग से पुलिस का संपर्क होता है। निरंतर 24 घण्टे सेवा देने वाले पुलिस के जवानों के हित संरक्षण तथा उनके कल्याण के लिए प्रदेश सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ समय व्यतीत कर सकें, इसके लिए प्रदेश सरकार ने उन्हें सप्ताह में एक दिन अवकाश देने का निर्णय लिया। इस फैसले से पुलिसकर्मी अब अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं। उन्होंने कहा कि नई तकनीक से बने आवास पुलिसकर्मियों को सुविधा देने की दिशा में एक कदम है। प्रदेश में पुलिस के लिए संसाधन बढ़ाने के लिए लगतार काम किया जा रहा है।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ जिले के विकास के लिए भी निरंतर काम किया जा रहा है। रायसेन नगर में सड़क मार्ग के लिए 50 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार सांची में शासकीय विद्यालय को उत्कृष्ट विद्यालय बनाया गया है, देहगांव में शासकीय विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के लिए एक करोड़ 50 लाख रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। गैरतगंज में एक करोड़ रूपए की लागत से शासकीय कन्या विद्यालय का भवन निर्मित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए भी काम किया जा रहा है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने नवनिर्मित पुलिस आवास गृहों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने कहा कि प्रायः शासकीय सेवा में अधिकारी, कर्मचारी दूर-दूर से आकर लोग काम करते हैं। यदि वह तनावमुक्त रहेंगे, उन्हें सुविधाएं मिलेंगी तो वह अच्छी तरह से काम कर सकेंगे और परिणाम भी बेहतर मिलेंगे। इन नवनिर्मित आवास गृहों में रहने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा उनके परिवार को बेहतर सुविधाएं तथा सकारात्मक वातावरण मिलेगा। पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका शुक्ला ने बताया कि जिला मुख्यालय पर पुलिस लाईन में पूर्व से 262 अधिकारी, कर्मचारी आवास गृह निर्मित हैं। जिनमें आज 14 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से नवनिर्मित 24 अराजपत्रित अधिकारी एवं 96 कर्मचारी आवास गृह शामिल हो रहे हैं। पुलिस अधीक्षक श्रीमती शुक्ला ने स्कूल शिक्षा मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर सांची जनपद अध्यक्ष श्री एस मुनियन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अवि प्रसाद, अपर कलेक्टर श्री अनिल डामोर, एसडीएम रायसेन श्रीमती मिशा सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री एपी सिंह, श्री दातार सिंह मीणा, श्री बृजेश चतुर्वेदी तथा श्री बब्लू ठाकुर भी उपस्थित थे।






























































