गुना – ईपत्रकार.कॉम |म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री राजेश कुमार कोष्टा के आदेश पर नालसा (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनका संरक्षण) योजना 2015 के अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल पाठई में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना के द्वारा विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं व ग्रामीणजनों को दैनिक व्यवहार में आने वाले कानूनों की जानकारी के साथ-साथ मूल अधिकार व मूल कर्त्तव्य के वारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री ए.के. मिश्र ने संविधान के अनुच्छेद 51 ए के अंतर्गत उपबंधित किए गए मौलिक कर्त्तव्यों की जानकारी के साथ-साथ मोटव्हीकल एक्ट, रजिस्ट्रेशन अधिनियम, पॉक्सो एक्ट एवं निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री दीपक शर्मा द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी तथा राष्ट्रीय गौरव यथा-राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रचिन्ह के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए जाने अंजाने राष्ट्रीय गौरव के अपमान से बचे जाने के बारे में भी विस्तार से बताया। इस अवसर पर अधिवक्ता श्री पुनीत राय, विद्यालय के प्राचार्य श्री कैलाश सिंह किरार, शिक्षकगण सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





























































