नई दिल्ली : एक विशेष अदालत ने 3600 करोड़ रुपए के वीवीआईपी हैलीकाप्टर करार से जुड़े धनशोधन के एक मामले में 3 आरोपियों के खिलाफ आज नए समन जारी किए। इस मामले में पहले अदालत ने ब्रिटिश नागरिक और कथित बिचौलिए क्रिश्चियन मिशेल जेम्स के खिलाफ गैर..जमानती वारंट जारी किया था। विशेष न्यायाधीश अरविन्द कुमार ने भारत स्थित कंपनी मीडिया एक्जिम प्रा. लि. और उसके निदेशकों आर.के. नंदा तथा जे.बी. सुब्रमण्यम के खिलाफ फिर से समन जारी किया। अदालत ने उनसे 22 फरवरी को अदालत में पेश होने को कहा है। कंपनी की स्थापना जेम्स, नंदा और सुब्रमण्यम ने की थी।
अदालत द्वारा यह आदेश जारी किए जाने के पहले प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पेश वकील एन. के. मट्टा ने सूचित किया कि पिछली सुनवाई के दिन तीनों आरोपियों के खिलाफ जारी समन की तामील नहीं हो सकी थी। अदालत ने पिछले साल 30 नवंबर को जेम्स के खिलाफ गैर..जमानती वारंट जारी किया था और मामले में 3 अन्य आरोपियों के खिलाफ समन जारी किए थे और कहा था कि आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया साक्ष्य हैं।





























































