इन्दौर – (ईपत्रकार.कॉम) |जिला प्रशासन ने जिले में स्वाईन फ्लू के मरीजों के पाये जाने के बाद शासकीय एवं निजी अस्पतालों के संचालकों, डॉक्टरों और प्रभारियों की आपात बैठक बुलायी। बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी श्रीमती रूचिका चौहान ने सभी निजी हॉस्पिटल संचालकों एवं प्रभारियों को कहा कि हॉस्पिटल्स में फीवर क्लीनिक खोले जायें और इलाज के लिये जितने भी बुखार, सर्दी, खाँसी के मरीज आ रहे हैं, उनका डाटा संकलित किया जाये। जो मरीज परीक्षण के दौरान प्रारंभिक रूप से स्वाईन फ्लू के लक्षण से ग्रसित प्रतीत होते हैं, उनको निगरानी में रखा जाये और उनका ब्लडप्रेशर निरंतर लिया जाये। यदि वह 95 से कम आ रहा है, तो उनको विशेष निगरानी में रखकर उनके सेम्पल जिला अस्पताल को भेजे जायें।
बैठक में श्रीमती चौहान ने निजी अस्पतालों के संचालकों को भी यह भी निर्देश दिये कि स्वाईन फ्लू से बचाव की जानकारी के लिये सभी अस्पतालों, क्लीनिकों पर फ्लैक्स के माध्यम से स्वाईन फ्लू के लक्षण और उससे बचाव के उपाये प्रदर्शित किये जायें। इसी के साथ-साथ सोशल मीडिया, पिं्रट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, एफएम रेडियों के माध्यम से स्वाईन फ्लू के संबंध में व्यापक जानकारी आम जनता तक पहुंचायी जाये। सभी निजी अस्पताल स्वाईन फ्लू के लिये आपातकालनी आईसोडेशन वार्ड एवं वेंटीलेटर की सुविधायें चाकचौबंद रखे। जिन अस्पतालें में वेंटलेटर उपलब्ध है, उन सभी के आंकड़े सीएमएचओ को एकत्रित करने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में सीएमएचओ ने बताया कि सभी निजी एवं शासकीय अस्पतालों में पीपीई कीट एवं एन-95 मॉक्स उपलब्ध कराये गये हैं और इनकी निरंतर उपलब्धता बनी हुयी है। सभी हॉस्पिटल इस संबंध में विशेष ध्यान दें कि स्वाईन फ्लू के मरीज ए.बी.सी. तीन केटेगिरी में होते हैं। बी-2 और सी लेवल के मरीजों को आईसोलेशन वार्ड में रखा जाये। इसके लिये व्यापक गाइड लाईन जारी की जा रही है। इंदौर जिले के विभिन्न अस्पतालों में अभी तक स्वाईन फ्लू के लिये 195 सेम्पल लिये गये हैं। जिनमें से 190 की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इसमें से केवल 36 सेम्पल ही स्वाईन फ्लू के पॉजिटिव पाये गये। इंदौर जिले के मरीजों में 16 सेम्पल पॉजिटिव पाये गये थे और दूसरे जिलों के 20 सेम्पल ही पॉजिटिव पाये गये। इसके संबंध में भी संबंधित जिलों के कलेक्टर और जिला स्वास्थ्य अधिकारियों को सूचित किया गया। बैठक में बताया गया कि जिले में स्वाईन फ्लू के संबंध में जनजागरूकता फैलाने के लिये अगले सप्ताह व्यापक कार्यशाला का आयोजन होगा जिसमें स्कूल, कॉलेज के प्राध्यापक, प्रिंसिपल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, महिला बाल विकास, सामाजिक न्याय आदि के अधिकारी व कर्मचारी सम्मिलित होंगे और उन्हें स्वाईन फ्लू से बचाव, उसके लक्षण एवं उपचार के संबंध में व्यापक जानकारी उपलब्ध करायी जायेगी। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के प्रभारी डॉक्टर निजी अस्पतालों में सीएचएल, अपोलो, गोकुलदास, मेडिकेयर, लाईफ केयर, बॉम्बे हॉस्पिटल, अरविन्दो हॉस्पिटल, एप्पल हॉस्पिटल, सुयश, सीएचएल, ग्रेटर कैलाश, मयूर आदि हॉस्पिटलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



































































