नई दिल्ली। भारत में नोटबंदी के बाद सरकार की तरफ से डिजिटल पेमेंट को पुरजोर बढावा दिया जा रहा है। डिजिटल पेमेंट के जरिए कैशलेस अर्थव्यवस्था की ओर बढने के लिए एक और कदम पेमेंट वॉलेट और पेमेंट बैंक भी हैं। इस मामले में पेटीएम (Paytm) पेमेंट वॉलेट की कोशिश की सुपरहिट हुई है वहीं, अब वो पेमेंट बैंक भी लेकर आ रही है। इससे पहले एयरटेल अपना पेमेंट बैंक लॉन्च कर चुकी है। आपको बता दें कि अब इस दिशा में सैमसंग भी आगे बढ रही है। यह तकनीकी दिग्गज कंपनी मोबाइल पेमेंट वॉलेट को जल्द ही भारतीय बाजार में पेश कर रही है।
सैमसंग पे लाने की हो रही कोशिश
खबर है कि सैमसंग ने सैंमसंग पे को भारतीय मार्केट में लाने के लिए अमरीकन एक्सप्रेस से टाइअप किया है। ऐसे में सैमसंग पे के देश में लॉन्च होने के बाद घरेलू ईवॉलेट दिग्गजों को तगड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा खबर है कि सैंमसंग पे (Samsung Pay) को भारत में लाने के लिए वीजा और मास्टरकार्ड जैसे दिग्गजों के साथ भी बातचीत जारी है।
शुरू हो चुकी है पहल
खबर है कि सैमसंग ने पेमेंट वॉलेट को भारत लाने के लिए दिसंबर 2016 से ही भारत में परीक्षण शुरू कर दिया है। कंपनी ने हाल ही में भारत में गैलेक्सी नोट 5 स्मार्टफोन का अपडेट जारी किया था, जिसके साथ सैमसंग पे एप भी दिया गया है। हालांकि माना जा रहा है कि सैमसंग पे केवल प्रीमियम सैमसंग स्मार्टफोन्स पर ही काम करेगा।
इन स्मार्टफोन्स पर काम करेगा सैमसंग पे
माना जा रहा है कि सैमसंग पे, मैग्नेटिक सिक्योर ट्रांसमिशन (एमएसटी) सपोर्ट के साथ आता है। इसके जरिए उन सभी आउटलेट्स पर डिजिटल पेमेंट किया जा सकता है जो कार्ड-स्वैपिंग की सर्विस देते हैं। भारत में सैमसंग गैलेक्सी एस 6, एस 6 एज, एस 6 एज प्लस, एस 7, एस 7 एज और नोट 5 कंपनी के प्रीमियम स्मार्टफोन्स हैं जिनके 25 लाख से ज्यादा ग्राहक हैं। सैमसंग पे केवल इन्हीं हैंडसेट्स पर काम करेगा।






























































