आज राजस्थान जाएगे PM मोदी,कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मिलेंगे

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान की राजधानी जयपुर में आज केंद्र तथा राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ जनसंवाद तथा इक्कीस सौ करोड़ रुपए से अधिक की लागत की शहरी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। मोदी अमरूदों का बाग मैदान में आयोजित जनसभा एवं जनसंवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के साथ लगभग ढाई लाख लाभार्थियों से बारह विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में चर्चा कर फीडबैक लेंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान केन्द्र सरकार द्वारा संचालित उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना और राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के लाभार्थियों से सीधी मुलाकात करेंगे। इन योजनाओं के तहत राजस्थान में 95 लाख 66 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है।

प्रधानमंत्री राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री राजश्री योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, स्कूटी वितरण योजना, पालनहार योजना, दीनदयाल उपाध्याय वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना और श्रमिक डायरी पंजीकरण के लाभार्थियों से भी संवाद करेंगे। इन योजनाओं के तहत प्रदेश में 39 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। वह राज्य सरकार की अभिनव योजना मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान पर भी संवाद करेंगे। मोदी इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर ही 2100 करोड़ रुपए से अधिक लागत की तेरह शहरी परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे उनमें पुराने उदयपुर के लिए एकीकृत संरचना पैकेज, अजमेर के लिए एलिवेटेड रोड परियोजना, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, हनूमानगढ़, सीकर तथा माउंट आबू में जलापूर्ति तथा सीवरेज परियोजनाएं, धौलपुर, नागौर, अलवर, तथा जोधपुर में एसटीपी का उन्नयन, बूंदी, अजमेर और बीकानेर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत परियोजनाएं एवं दशहरा मैदान(चरण-दो) कोटा प्रमुख हैं।

प्रधानमंत्री इस दौरान जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मोदी दोपहर करीब एक बजे जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और सेना के हेलीकॉप्टर से सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचकर लगभग सवा बजे अमरुदों का बाग मैदान पहुंचकर इन योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद एवं जनसभा को संबोधित करने के साथ कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री अपराह्न तीन बजकर बीस मिनट पर जयपुर हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मोदी के दौरे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा कई मंत्रियों तथा प्रशासन एवं पुलिस के आलाअधिकारियों ने इसका जायजा भी लिया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं और इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इस बार पुलिस पहली बार ऐसे आयोजन पर सुरक्षा के लिए ड्रोन कैमरों की मदद लेगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर लाभार्थियों के बैठने के लिए अलग अलग बलाक बनाकर व्यवस्था की गई हैं। इस दौरान लाभार्थियों के आने एवं उनके वाहनों के पार्किंग तथा शहर में अमरुदों के बाग तथा स्टेडियम एवं उससे लगते कई मार्गों पर यातायात को अलग रास्तों से चलाने की व्यवस्था की गई।

Previous articleहाफिज सईद की गीदड़भभकी: वोट के लिए रैली में दी भारत पर परमाणु हमले की धमकी
Next articleअमरनाथ यात्रा:गुस्साए श्रद्धालुओं ने ऊधमपुर हाईवे जाम कर नारेबाजी की