इज्तिमा आयोजन की तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करें – कलेक्टर डॉ. खाडे

0

भोपाल- (ईपत्रकार.कॉम) |आगामी 25 से 27 नवम्बर तक ईंटखेड़ी में आयोजित होने वाले सालाना तबलीगी इज्तिमा के संबंध में सभी आवश्यक तैयारियां समय सीमा में पूर्ण की जायें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे ने ईंटखेड़ी में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह, अपर कलेक्टर श्री जी.पी.माली सहित इज्तिमा आयोजन कमेटी के सदस्यगण, नगर निगम व विद्युत वितरण कंपनी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य, ट्रेफिक पुलिस, बीएसएनएल सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।

कलेक्टर डॉ. खाडे ने बैठक में कहा कि इस विशाल आयोजन में आने वाले धर्मावलंबियों की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की जायें। उन्होंने कहा कि इज्तिमा आयोजन स्थल पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की व्यवस्था की जाये व वॉच टॉवर पर्याप्त संख्या में बनाए जायें। उन्होंने ईंटखेड़ी में अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित कर वहां आवश्यक पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने ईंटखेड़ी में आयोजन के दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं कराने तथा बड़ी संख्या में अस्थाई शौचालयों का निर्माण कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों से कहा।

बैठक में कलेक्टर डॉ. खाडे ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इज्तिमा आयोजन के दौरान पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने निर्देश दिए। कलेक्टर डॉ. खाडे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, यातायात विभाग, पेयजल तथा सेनिटेशन के लिए अलग अलग नियंत्रण कक्ष ईंटखेड़ी में आयोजन के दौरान स्थापित किए जायें। उन्होंने बीएसएनएल एवं विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को इज्तिमा आयोजन के लिए अतिरिक्त लाइन डालकर संचार व विद्युत की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को इज्तिमा आयोजन के दौरान यातायात एवं कानून व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।

Previous articleब्रेड, पराठों और खाने में घी या मक्खन खाने वाले हो जाएं सावधान !
Next articleसिद्धी को प्राप्त करने के लिए केवल संकल्प लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कठोर परिश्रम करना पड़ता है- प्रभारी मंत्री

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here