कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कर्नाटक संकट के लिए भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) को दोषी ठहराया है. गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भारत सरकार राज्यपालों का इस्तेमाल राज्य-दर-राज्य सरकारों को गिराने के लिए कर रही है.
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि जिस तरह से राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति और राज्य स्तर पर राज्यपाल स्वयं आचरण कर रहे हैं, उससे पूरा देश आक्रोशित है. देश में संविधान पर खतरा बना हुआ है. अरुणाचल प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक कांग्रेस के खिलाफ साजिश रचकर सरकार से बाहर किया जा रहा है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाए रखने के लिए आवाज बुलंद करे. कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस सरकार पर छाए संकट के बादल अभी खत्म नहीं हुए हैं.
विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार ने बागी विधायकों के इस्तीफे पर भले ही कोई निर्णय ना लिया हो लेकिन कांग्रेस आलाकमान अब इस मामले में एक्टिव हो गया है. संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने पार्टी नेता गुलाम नबी आजाद को कर्नाटक भेजा था.
कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार पर खतरा बना हुआ है.कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) के विधायक अरविंद लिंबावली ने कर्नाटक संकट पर बड़ा बयान दिया है. अरविंद लिंबावली ने कहा है कि बुधवार को बीजेपी का उच्च स्तरीय दल 1 बजे राज्यपाल से मुलाकात करेगा. बीजेपी कर्नाटक संकट पर राज्यपाल का सीधा हस्तक्षेप चाहती है.





























































