संयुक्त राष्ट्र (UN) ने कश्मीर के हालात पर चिंता जताई है. साथ ही सरकार की तारीफ भी की है. UN ने मंगलवार को कहा कि घाटी के लोग अधिकारों से वंचित हैं और हमने भारतीय अधिकारियों से मांग की है कि कश्मीर में नागरिकों के सभी अधिकार बहाल हों.
UN ने यह भी कहा कि कश्मीर में सुधार के लिए भारत ने कई कदम उठाए हैं. मानव अधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र के उच्चायुक्त के प्रवक्ता रूपर्ट कोल्विले ने कहा कि हम बहुत चिंतित हैं कि कश्मीर में लोग अधिकारों से वंचित हैं. हम भारत से अधिकारों को पूरी तरह से बहाल करने की अपील करते हैं.
370 हटने के बाद
जम्मू कश्मीर से 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से ही सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटाने के साथ ही जम्मू कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश घोषित कर दिया गया था. इस फैसले के बाद सुरक्षा के मद्देनजर घाटी में कई पाबंदियां लगाई गईं. सुरक्षा के मद्देनजर इलाके में सख्ती जारी है.
यूरोपीय यूनियन के सांसदों का दौरा
UN की तरफ से यह बड़ा बयान तब आया है जब यूरोपीय यूनियन के सांसदों का प्रतिनिधिमंडल आज कश्मीर दौरे पर है. बता दें यूरोपीय यूनियन के 27 सांसद कश्मीर दौरे पर हैं. यूरोपीय सांसदों का दल आज सुबह 10 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुआ. लगभग 11.15 बजे यह दल श्रीनगर पहुंचा. डेलिगेशन की पहली टीम ने राज्यपाल और उनके सलाहकार से मुलाकात की.





























































