काशी में मोदी बोले- दिव्यांगों की चिंता सामाजिक जिम्मा है, रूल बदलने होंगे तो वो भी बदलेंगे

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नई ट्रेन महामना एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई. ये ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के लिए चलाई गई है. इसमें कई खास सुविधाओं की शुरुआत की गई है.

इससे पहले प्रधानमंत्री ने दिव्यांगों को इलेक्ट्रॉनिक हियरिंग एड भी बांटे. उन्होंने एक्सीडेंट का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ दिव्यांग और मिलना चाहते थे, पर हादसा हो गया. सरकार उनके इलाज का इंतजाम कराएगी. मोदी ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की चिंता सामाजिक जिम्मेदारी है. हमें जहां रूल या सिस्टम बदलना होगा, हम बदलेंगे.

मोदी बोले- जापान तक हुआ काशी का गुणगान

  • मुझ पर चारों तरफ से हमला होता रहता है. मैं ऐसे हमलों से विचलित नहीं होता.
  • एक साल में दिव्यांगों के 1800 कैंप लगाए. कैंप लगाने से बिचौलिए खत्म हुए.
  • मुझे गरीबों की दुर्दशा देखकर बहुत तकलीफ होती है. मैं हमेशा उनके साथ हूं
  • मैं संघर्ष करने वालों के साथ हूं. मेरी सरकार गरीबों के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है.
  • जापान के पीएम शिंजो आबे ने अपने भाषण में काशी का गुणगान किया.
  • आबे ने जापान में बताया कि गंगा आरती देख वे कैसे अभिभूत हो गए थे.
  • आबे का यह भाषण काशी वालों को गौरव की अनुभूति कराता है.

लखनऊ में सुरक्षा चाकचौबंद
प्रधानमंत्री मोदी  वाराणसी के बाद लखनऊ में भी तीन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. शहर भर के पेट्रोल पंप, मॉल, नर्सिंग होम, होटल, मंदिरों आदि की तलाशी ली जा रही है. संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है. पीएम के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा में एसपीजी के अलावा केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान और एटीएस के कमांडो व एसटीएफ की क्विक रिस्पॉन्स टीमें भी मुस्तैद रहेंगी.

राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री मोदी के तीन कार्यक्रम हैं. इनमें से दो में वे हेलीकॉप्टर से जाएंगे. उनकी सुरक्षा में 10 एसपी, 18 एएसपी, 19 डीएसपी, 95 सब इंस्पेक्टर, 46 महिला सब इंस्पेक्टर और 845 सिपाहियों के अलावा 400 से ज्यादा यातायातकर्मी ड्यूटी पर लगाए जाएंगे.

2500 पुलिसकर्मी, 20 आईपीएस रहेंगे तैनात
प्रधानमंत्री की सुरक्षा में ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. इसके अलावा 20 से ज्यादा आईपीएस अधिकारी भी सुरक्षा-व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगे. सशस्त्र बलों की दो दर्जन कंपनियों को भी पीएम की सुरक्षा में लगाया गया है. मोदी की सुरक्षा के लिए उनके कार्यक्रम स्थल को फूलप्रूफ बनाया गया है. कार्यक्रम स्थलों पर चार दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पुलिसकर्मी चप्पे-चप्पे की निगरानी करेंगे.

लखनऊ में ये रहेगा पीएम का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, काल्विन तालुकेदार कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों के साथ-साथ अंबेडकर महासभा में डॉ. अंबेडकर की अस्थियों पर पुष्प भी चढ़ाएंगे. हालांकि, ट्रैफिक की समस्‍या को देखते हुए इन कार्यक्रमों में जाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के लिए हेलीकाप्‍टर की व्‍यवस्‍था की गई है, लेकिन दो दिनों से जिस तरह मौसम ने रंगत बदली है, उससे हेलीकाप्‍टर का उड़ान भर पाना थोड़ा मुश्किल लग रहा है. इन आशंकाओं को देखते हुए सड़क मार्ग से भी प्रधानमंत्री को ले जाने का विकल्‍प खुला रखा गया है.

Previous articleब्रिटेन जांच के अनुसार- पुतिन के इशारों पर हुई थी पूर्व रूसी जासूस की हत्या
Next article32,000 रुपये में लॉन्च हुआ Nexus 5X मिल रहा है 20,990 रुपये में

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here