भोपाल – ईपत्रकार.कॉम |कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे के निर्देशानुसार जिले में किसान खेत पाठशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, किसान खेत पाठशाला की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचे इसके लिए डोंडी पिटवाकर एवं एसएमएस के जरिये किसानों को जानकारी दी जा रही है। आज कृषि, उद्यानिकी, सहकारिता, पशुपालन एवं मत्स्य पालन के मैदानी अधिकारियों का प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केन्द्र, केन्द्रीय कृषि अभियांत्रिकी संस्थान नवी बाग में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कृषि वैज्ञानिक केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. यू.आर.बड़ेगांवकर एवं सीहोर के वैज्ञानिक डॉ. जे.के.कन्नौजिया एवं अन्य अधिकारियों द्वारा कृषि संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
उल्लेखनीय है कि किसान खेत पाठशाला का प्रथम चरण 28 जून से प्रारंभ होकर 20 जुलाई तक चलेगा। जिसमें चिन्हित ग्राम पंचायतों में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा सुबह शाम खेत पाठशाला का आयोजन किया जायेगा। जिसमें किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खेती की उन्नत तकनीक एवं अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए आग्रह किया गया है।



































































