केन्द्र की मोदी सरकार ने देश में नोटबंदी लागू करके लाखों लोगों का रोजगार छीन लिया-शरद यादव

0

पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव ने आरोप लगाया है कि केन्द्र की मोदी सरकार ने देश में नोटबंदी लागू करके लाखों लोगों का रोजगार छीन लिया। उत्तर प्रदेश में बागपत के बड़ौत नगर में राष्ट्रीय लोक दल(रालोद) की ‘पोल खोल धावा बोल’ अभियान के समापन पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की सवा अरब जनता कष्ट भोग रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने नोटबंदी लागू करके 9 लाख लोगों का रोजगार छीन लिया। किसानों पर किसी सरकार ने टेक्स नहीं लगाया था। भाजपा की केन्द्र सरकार ने किसानों पर टेक्स लगा दिया।

जनता दल यूनाईटेड(जदयू) के पूर्व अध्यक्ष यादव ने कहा कि किसान मजदूर तथा गरीबों की विरोधी केन्द्र सरकार को उखाड़ने के लिए लोगों को एकजुट होना होगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा के नाम पर सरकार ने कंपनी का 19 हजार करोड़ रुपए का फायदा कराया। इनमें से केवल 4 हजार करोड़ रुपए ही दिए। शेष धन से कंपनी मालामाल हो गई। अवारा पशुओं से किसानों की फसल बरबाद हो रही है। इसे बीमा के दायरे से बाहर रखा गया है। प्रधानमंत्री फसल बीमा में पशुओं से फसल को नुकसान होना शामिल किया जाना चाहिए। किसानों का प्रदेश में 13 हजार करोड़ रुपए का गन्ना बकाया चीनी मिलों पर है। किसानों एवं ग्रामीणों के बिजली के बिल दोगुना कर दिए गए।

यादव ने कहा कि सरकार किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही है। प्रदेश में पहली बार ग्रामीण उपभोक्ताओं से बिजली के बिल 11 हजार करोड़ रुपए की वसूली और शहरी उपभोक्ताओं से केवल साढ़े हजार करोड़ रुपए की वसूली किए जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से बेदखल कर अच्छे लोगों को सत्ता में लाएं। संसद में भी किसानों की कोई बात करने वाला नहीं है। यदि अजित सिंह, जयंत चौधरी या वह संसद में होते तो तब तस्वीर कुछ और ही होती।

Previous articleअगर आपका भी बैठ गया है गला तो अपनाएं ये उपाय
Next articleगठबंधन से घबराई BJP यूपी में न पाले 73 प्लस का मंसूबा-अखिलेश यादव