घरेलू प्रदर्शन से खिलाड़ियों के टीम में चयन को देखकर अच्छा लगता है : गावस्कर

0

पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने सोमवार को चयन समिति के घरेलू खिलाड़ियों को जिम्बाब्वे में आगामी सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिये राष्ट्रीय क्रिकेट में शामिल करने के फैसले की सराहना की.

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में दूसरे दर्जे की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे जिसमें विदर्भ के बायें हाथ के सलामी बल्लेबाज फैज फजल, आफ स्पिनर जयंत यादव, पंजाब के मध्यक्रम के बल्लेबाज मंदीप सिंह और आईपीएल के स्टार युजवेंद्र चाहल मौजूद हैं.

गावस्कर ने कहा, ‘यह देखकर अच्छा लगता है कि घरेलू प्रदर्शन का फल मिल रहा है. यह सिर्फ आईपीएल के बारे में नहीं है. चाहल ने जो पिछला सत्र खेला था, उसने विकेट हासिल किये थे. वह एक शानदार क्षेत्ररक्षक भी है.’

उन्होंने कहा, ‘यह देखकर अच्छा लगता है कि घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन को देखा गया. आप हमेशा बहस कर सकते हो कि आईपीएल एक घरेलू टूर्नामेंट है लेकिन मेरे लिये रणजी ट्राफी, सैयद मुश्ताक अली, विजय हजारे ऐसे टूर्नामेंट में जिनका प्रदर्शन राष्ट्रीय टीम के चयन के समय सचमुच मायने रखना चाहिए.’

पांड्या बंधु – हार्दिक और कृणाल – के इसमें नहीं चुने जाने के बारे में पूछने पर गावस्कर ने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह बहुत जल्दी है. मुझे लगता है कि चयनकताओं ने सही काम किया है, वे कृणाल पांड्या को और खेलते देखना चाहते हैं, उन्होंने हार्दिक को देख लिया है. दोनों के लिये अभी थोड़ा समय है. जितना ज्यादा अनुभव वे हासिल करेंगे, उनके लिये बेहतर है, वे शिकायत नहीं कर सकते.’

Previous articleमाइक्रोमैक्स ने 4,999 रुपये में लॉन्च किया 5MP सेल्फी कैमरा वाला स्मार्टफोन
Next articleमुख्यमंत्री श्री चौहान ने पवर्तारोहियों को दी बधाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here