अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कश्मीर को लेकर विवादित बयान दिया है। ट्रंप ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे कश्मीर मुद्दे पर उनसे मदद मांगी थी। ट्रंप ने कहा, ‘दो सप्ताह पहले पीएम नरेंद्र मोदी से मेरी बात हुई थी। हमारी इस मुद्दे पर बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि क्या आप मध्यस्थ हो सकते हैं। यह मुद्दा बीते 70 साल से लटका हुआ है और हमें खुशी होगी यदि हम इसमें कोई मध्यस्थता कर सकें। ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे का हल होना चाहिए।’ ट्रंप ने कहा कि कश्मीर दुनिया के सबसे खूबसूरत इलाकों में से एक है, लेकिन हिंसा से जूझ रहा है और हर सप्ताह बम धमाकों की खबरें मिलती हैं।
इस मामले पर भारत ने ट्रंप के बयान को खारिज करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कभी भी कश्मीर मुद्दे को लेकर मदद नहीं मांगी। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान को बातचीत के लिए पहले आतंकवाद को समाप्त करना होगा। भारत कश्मीर मुद्दे पर किसी भी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं करेगा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत अपने रुख पर कायम है और कश्मीर पर भारत का रुख नहीं बदलेगा।
बता दें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने सोमवार को वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की। वाइट हाउस में ट्रंप से इमरान खान की यह पहली मुलाकात है। इस दौरान उन्होंने कश्मीर का मुद्दा उठाया और इस पर अमेरिका से मध्यस्थता करने की पेशकश की। इमरान खान ने कहा वे भारत के साथ कश्मीर समेत सभी मुद्दों पर बातचीत करने को तैयार है।





























































