तत्काल बात और तत्काल काम, ये है स्मार्टनेस : काश्यप

0

स्मार्ट की कल्पना क्या होती है, इसे मिनी स्मार्ट सिटी योजना के क्रियान्वयन ने साबित कर दिखाया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की कल्पना पर देश के 100 शहरों को स्मार्ट बनाने की योजना बनी, लेकिन चयनित प्रदेश के सात शहरों में रतलाम शामिल नहीं हो पाया। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान इसके बाद नई योजना लाए और दो माह पूर्व जनआशीर्वाद यात्रा में उनसे रतलाम को मिनी स्मार्ट सिटी बनाने की मांग की, तो तत्काल बात और तत्काल काम हुआ। यही है स्मार्टनेस, जिससे दो माह बाद ही मिनी स्मार्ट सिटी योजना के कार्यों की शुरूआत हो रही है।

विधायक, राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप ने इन शब्दों के साथ शहर के 5 स्थानों पर 25 करोड की लागत से महापौर डा. सुनीता यार्दे, निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल की उपस्थिति में सड़क, फुटपाथ, चौराहा, सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाईट एवं ड्रेनेज व्यवस्था के कार्यों का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति स्मार्ट रहना चाहता है और इसी भाव से स्मार्ट सिटी की कल्पना की गई है। रतलाम में शहर के चारों तरफ प्रवेश द्वार बन चुके हैं, अब मिनी स्मार्ट सिटी योजना के तहत आंतरिक साजसज्जा का कार्य होगा।

श्री काश्यप ने बाजना बस स्टैण्ड फोरलेन के निर्माण कार्य में विरोध करने वालों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि रतलाम में अब तक विरोध की ही राजनीति होती रही है, विकास की राजनीति नहीं हुई। विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने शहर के विकास को ही प्राथमिकता दी और 2000 से अधिक करोड के कार्य कराए हैं। बाजना बस स्टैण्ड फोरलेन पर रेलवे ब्रिज के लिए 27 करोड की स्वीकृति हो चुकी है। मेडिकल कालेज, नमकीन क्लस्टर, गोल्ड काम्पलेक्स के बनने से हजारों लोगों को रोजगार मिल्ोगा। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के तहत होने वाले कार्यों पर प्रकाश डाला।

महापौर डा. यार्दे ने कहा कि किसी योजना का मात्र दो माह में क्रियान्वयन होना गौरवपूर्ण है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मिनी स्मार्ट सिटी बनाने की घोषणा की और अब इसके बाद कार्य की शुरूआत हो गई है। शहर का प्रत्येक नागरिक अच्छे वातावरण में रहना चाहता है, यह योजना रतलाम की सूरत और सीरत दोनों बदल देगी। श्रीमती यार्दे ने नगर निगम द्वारा शहर के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से स्मार्टनेस का परिचय देने का आह्नान किया।

मिनी स्मार्ट सिटी योजना के कार्यों का शुभारम्भ दिलबहार चौराहा, अम्बे माता मंदिर चौराहा जवाहर नगर, सैलाना बस स्टैण्ड, त्रिपोलिया गेट एवं ऊकाला रोड पर हुआ। कार्यक्रमों का संचालन राकेश परमार, मनोज शर्मा, प्रवीण गुप्ता, नन्दकिशोर पंवार, मंगल लोढ़ा ने किया। स्वागत भाषण भगतसिंह भदौरिया, सूरज जाट, प्रेम उपाध्याय ने दिया। जवाहर नगर में पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित ने भी सम्बोधित किया। आभार दिनेश शर्मा, घनश्याम पुरोहित, अशोक यादव, राकेश मीणा एवं सलीम मेव ने माना।

इस दौरान पूर्व महापौर शैलेन्द्र डागा, आशा मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मौर्य, जिला महामंत्री मनोहर पोरवाल, प्रदीप उपाध्याय, मण्डल अध्यक्ष रमेश बदलानी, जयवन्त कोठारी, संतोष पोरवाल, भाजयुमो अध्यक्ष सोनू यादव, पार्षद मनीषा शर्मा, जाकिर रावटीवाला, इन्दुबाला गोखरू, सोना शर्मा, महेन्द्रसिंह चन्द्रावत, रणजीतसिंह परिहार, ताराचंद पंचोनिया, एल्डरमेन महेश अग्रवाल, अश्विनी जायसवाल सुनील सारस्वत, नन्दकिशोर तोषावडा, राकेश मिश्रा, गोपाल शर्मा, हेमन्त राहोरी, मनीष बैरागी, मोहन वर्मा आदि मौजूद रहे। मिनी स्मार्ट सिटी योजना का क्रियान्वयन म.प्र. अरबन डेवलपमेंट कम्पनी कराएगी। आर्यवृत प्रोजेक्ट एण्ड डेवलपमेंट प्रा.लि. इन कार्यों को अंजाम देगी।

Previous articleउदासी का ये पत्थर आँसुओं से नम नहीं होता
Next articleआधार को मतदाता वोटर आईडी और मतदाता सूची से जोड़ने में कोई आपत्ति नहीं-चुनाव आयोग