दुनिया के सबसे ऊंचे इलाके तक पहुंचेगी भारतीय रेल, प्रभु की हरी झंडी

0

लद्दाख के लिए मनाली होते हुए बिलासपुर तक रेलवे लाइन से जोड़ने के काम को तेजी से आगे बढ़ाने को रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने हरी झंडी दिखा दी है. इसी के मद्देनजर लद्दाख को रेलवे लाइन से जोड़ने के काम में तेजी एक बार फिर से दिखाई देनी शुरू हो गई है. लद्दाख ऑटोनामस हिल डेवलपमेंट काउंसिल यानी एलएएचडीसी से रेलवे ने जमीन का आवंटन करने की गुजारिश की है ताकि लेह में कैंप ऑफिस बनाया जा सके.

उत्तर रेलवे के आला अधिकारी इस सिलसिले में लेह में बैठक कर रहे हैं. बिलासपुर मनाली लेह रेलवे लाइन बिछाने की योजना के फाइनल लोकेशन सर्वे के सिलसिले में लेह में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एके पूठिया स्थानीय सांसद थुपस्तन छेवांग और एलएएचडीसी के अधिकारियों से मिले.

सबसे ऊंचे इलाकों से गुजरेगी रेल
बिलासपुर से मनाली और फिर लेह.. पूरी दूरी तकरीबन 500 किलोमीटर. हिमालय की ऊंची-ऊंची चोटियों को पार करती हुई ये रेलवे लाइन दूनिया के सबसे ऊंचे इलाकों से होकर गुजरेगी. इस परियोजना पर तकरीबन 50,000 करोड़ रुपये का खर्चा आने का अनुमान है. बिलासपुर मंडी मनाली लेह रेलवे लाइन की फीजिबिलिटी रिपोर्ट पहले ही तैयार हो चुकी है. इस रेलमार्ग का सर्वे किया जा चुका है. सर्वे नीति आयोग के पास भेजा जा चुका है. अब फाइनल लोकेशन सर्वे और जमीन अधिग्रहण का काम जल्द ही शुरू किया जाना है. ऐसा माना जा रहा है कि बिलासपुर मंडी मनाली लेह रेलवे लाइन मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है. सामरिक महत्व के चलते हर मौसम में लेह-लद्दाख को कनेक्टिविटी देने के इरादे रक्षा मंत्रालय भी इस प्रोजेक्ट के जल्द से जल्द शुरू किए जाने के पक्ष में है.

उत्तर रेलवे के जीएम एके पूठिया और रेलवे के दूसरे आला अफसरों ने कोऑपरेटिव एंड लद्दाख अफेयर्स मंत्री छेरिंग दोरजे, लेह के सांसद थुपतन छेवांग, एलएएचडीसी के चेयरमेन सोनम दावा और लेह के एडीसी मोजेज कुंजांग के साथ विचार-विमर्श किया. कैंप ऑफिस के लिए जगह के अलॉटमेंट के लिए एलएएचडीसी चेयरमैन ने रेलवे अधिकारियों को आवेदन करने की सलाह दी है. लद्दाख के जन प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रेलवे को आश्वासन दिया है कि रेललाइन बिछाने के काम में उनकी हरसंभव मदद की जाएगी.

Previous articleविजय माल्या के खिलाफ बड़ा एक्शन, ED ने 6630 करोड़ की संपत्ति कुर्क की
Next articleवियतनाम के साथ डिफेंस, IT समेत 12 समझौते, भारत देगा 50 करोड़ डॉलर का लोन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here