धोनी अगर 2019 विश्व कप तक कप्तान रहे तो हैरानी होगी: गांगुली

0

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि अगर सीमित ओवरों की टीम के मौजूदा कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 2019 विश्व कप में टीम की अगुआई करते हैं तो उन्हें हैरानी होगी. गांगुली ने यह भी कहा कि जल्द ही कप्तानी विराट कोहली को सौंपी जा सकती है.

गांगुली ने कहा कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को इस मुद्दे पर फैसला करना चाहिए जिससे कि टीम भविष्य की योजना बना सके. गांगुली ने ‘इंडिया टुडे’ से कहा कि धोनी नौ साल से कप्तान है, जो लंबा समय है. उसने जिस तरह कप्तान की जिम्मेदारी निभाई वह कमाल थी लेकिन क्या उसमें क्षमता है कि अगले चार साल में भारत को 2019 में विश्व कप में ले जाए. क्या उसमें चार साल तक और बने रहने की क्षमता है. वह पहले ही टेस्ट क्रिकेट छोड़ चुका है और अब सिर्फ एकदिवसीय और टी20 मैचों में खेलता है.

उन्होंने कहा कि इसलिए चयनकर्ताओं को जवाब ढूंढना होगा कि क्या धोनी 2019 में अगुआई करेंगे . अगर जवाब नहीं है तो फिर नया कप्तान ढूंढिए. अगर जवाब हां है, जो मुझे काफी हैरानी भरा लगता है, तो धोनी को बरकरार रहना चाहिए. गांगुली ने पूछा, ‘‘दुनिया की सभी टीमें अपने भविष्य की योजना बनाती हैं, लेकिन चयनकर्ताओं से मेरा सवाल है कि तीन से चार साल बाद क्या वे एमएस धोनी को भारतीय कप्तान के तौर पर देखते हैं.’’

क्रिकेट छोड़ने की जरूरत नहीं
गांगुली ने हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते रहने के लिए धोनी का समर्थन किया क्योंकि भारत को अब भी उनकी जरूरत है. उन्होंने कहा कि मैं यह नहीं कह रहा कि उसे क्रिकेट छोड़ने की जरूरत है. मुझे लगता है कि उसे छोटे प्रारूपों में खेलना जारी रखना चाहिए. भारत को अब भी सीमित ओवरों की क्रिकेट में उसकी जरूरत है. गांगुली ने टेस्ट कप्तान के रूप में उपलब्धियों के लिए कोहली की तारीफ भी की.

विराट को दी जाए कप्तानी
गांगुली ने कहा कि विराट कोहली हर समय बेहतर हो रहा है. निरंतरता के मामले में वह संभवत: दुनिया में सर्वश्रेष्ठ हैं. उसकी मानसिक उर्जा बेजोड़ है. मैदान पर उसका रवैया बेहतरीन है. टेस्ट कप्तान के रूप में उसका रिकॉर्ड शानदार है. उन्होंने कहा कि कोहली को कप्तान नियुक्त करने का फैसला इस पर निर्भर करेगा कि धोनी यहां से किधर जाता है. उसके सम्मान में कोई कमी नहीं आई है, वह देश के महानतम कप्तानों में से एक है.

Previous article3GB रैम और फिंगरप्रिंट सेंसर के साथ भारत में लॉन्च हुआ Meizu M3 Note
Next articleRBI का निर्देश- अकाउंट बैलेंस जीरो होने पर नहीं लगेगा नॉन मेंटीनेंस चार्ज

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here