होशंगाबाद – (ईपत्रकार.कॉम) |प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय प्रवास पर होशंगाबाद पहुंचकर जिले को खुले में शौच से मुक्त घोषित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री एसएनजी स्कूल मैदान परिसर में आयोजित समरसता भोज में शामिल हुए। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर आयोजित इस सहभोज में मुख्यमंत्री जी ने सफाई कामगार भाईयों तथा बहनों को अपने हाथों से भोजन परोसा तथा खिलाया उन्होने सफाई कामगार के हाथ भोजन ग्रहण कर समरसता भोज में भागीदारी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब स्वच्छता में मध्यप्रदेश देश का अव्वल प्रदेश बन गया है। होशंगाबाद जिला भी आज खुले में शौच से मुक्त घोषित हो गया है। नगर और जिले को स्वच्छ बनाने मे सर्वाधिक योगदान स्वच्छता दूतों तथा सफाइ कामगार भाई-बहनों का है। उनके लगातार प्रयासों से ही हमें यह सफलता मिली है। सफाई कामगार नगर को स्वच्छ रखते है। नगर स्वच्छ रहा तभी यहां भगवान का वास होता है। इसलिये नगर को स्वच्छ रखकर भगवान से भेंट कराने वाले हमारे सफाई कामगार ही है।
समरसता भोज में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव, जिले के प्रभारी मंत्री श्री सूर्यप्रकाश मीणा, राज्य मंत्री वन, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण, विधायक सोहागपुर श्री विजय पाल सिंह, विधायक पिपरिया श्री ठाकुरदास नागवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अखिलेश खंडेलवाल, पूर्व मंत्री श्री मधुकर हर्णे, श्री हरिशंकर जयसवाल, पार्षद गण तथा अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।



























































