यूएस ओपन विजेता एचएस प्रणय और राष्ट्रमंडल खेलों के विजेता पारूपल्ली कश्यप ने न्यूजीलैंड ग्रां प्रि गोल्ड बैडमिंटन टूर्नामेंट के अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बनाई। जबकि विश्व चैंपियनशिप में भाग ले रहे अजय जयराम को पहले दौर में ही शिकस्त का सामना करना पड़ा।
पुरुष सिंगल्स में चौथे वरीय प्रणय ने इंडोनेशिया के शेसार हिरेन रूस्तावितो को 21-14, 21-16 से मात दी । वहीं 15वीं वरीय कश्यप ने इंडोनेशिया के ही डियोनिसियस हेयोम रूंबाका को 21-5, 21-10 से हराया। प्रणय अब अगले दौर में बुधवार को इंडोनेशिया के फिरमान अब्दुल खोलिक से खेलेंगे, जबकि कश्यप का सामना स्थानीय खिलाड़ी आस्कर गुओ से होगा। हालांकि जयराम को चीनी ताइपे के चिया हुंग लू ने 21-19, 21-13 से हराकर चौंका दिया।
सिरिल, प्रतुल, सौरभ का जीत से आगाज
युवा बैडमिंटन खिलाड़ी सिरिल वर्मा, प्रतुल जोशी, सौरभ वर्मा, नीरज वशिष्ठ और साहिल सिपानी ने भी पुरुष सिंगल्स में जीत के साथ आगाज किया। सातवीं वरीय सौरभ ने ऑस्ट्रेलिया के नाथन तांग को 21-17, 21-15 से हराया। वहीं, 16वें वरीय सिरिल ने इंडोनेशिया के रियांतो सुबाजा को 21-13, 21-12 से मात दी। प्रतुल ने स्थानीय खिलाड़ी डैक्सोन वोंग को 21-10, 21-13 से हराया। नीरज ने इंडोनेशिया के एंड्रयू युनांतो को 21-8, 21-9 से शिकस्त दी। साहिल ने न्यूजीलैंड के जोशुआ फेंग को 21-10, 21-10 से हराया।
प्रतुल का वांग और नीरज का जो से सामना
अब प्रतुल का सामना शीर्ष वरीय चीनी ताइपे के झू वेइ वांग से होगा, जबकि नीरज ऑस्ट्रेलिया के एंथोनी जो से खेलेंगे। सौरभ का सामना इंडोनेशिया के हेनरिको खो विबोवो से होगा, जबकि साहिल 11वीं वरीय चीनी ताइपे के लिन यू सियेन से खेलेंगे। सिरिल का सामना इंडोनेशिया के सपुत्रा विकी एंगा से होगा।
सिद्धार्थ, सचिन व अरुण टूर्नामेंट से बाहर
भारत के सिद्धार्थ ठाकुर, सचिन रावत, अरुण कुमार, अशोक कुमार पुरुष सिंगल्स के अपने-अपने मुकाबले हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए। सचिन मलेशिया के गिप चिन गोह से 12-21, 8-21 से हार गए जबकि हांगकांग के ली चेुक यी ने सिद्धार्थ ठाकुर को 23-21, 21-14 से हराया।
महिला सिंगल्स क्वालीफाइंग राउंड में भारत की संयोगिता घोरपड़े संघर्षपूर्ण मुकाबले में न्यूजीलैंड की शि योंगशी से 11-21, 24-22, 19-21 से हार गईं।




























































