पाकिस्तान में और सर्जिकल स्ट्राइक संभव : राजनाथ

0

नई दिल्ली : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कठोर चेतावनी देते हुए कहा है कि उसके इलाके में भारतीय सुरक्षा बलों की और सर्जिकल स्ट्राइक की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है। सिंह ने कहा, पाकिस्तान हमारा पड़ोसी है। अगर उसमें कोई अच्छा बदलाव होता है तो हमें आगे कुछ करने की जरूरत नहीं है। लेकिन अगर आतंकवादी संगठन या कोई अन्य भारत को निशाना बनाता है तो हम गारंटी नहीं दे सकते कि सर्जिकल स्ट्राइक नहीं दोहराई जाएंगी।

उन्होंंने लश्करे तैयबा के सरगना हाफिज सईद को हाल में नजरबंद किए जाने को आंखों में धूल झोंकने की कोशिश करार दिया और कहा कि अगर पाकिस्तान सरकार आतंकवाद से मुकाबले के लिए वाकई गंभीर होते तो कानून का सहारा लेता, उस पर आरोप तय करके उसे जेल में बंद करता।

उन्होंने भगोड़े माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम के बारे में बताया कि उसे पकडऩा अब थोड़े समय की बात है। उन्होंने कहा, मुझे भरोसा है कि हम उसे वापस लाने में कामयाब हो जाएंगे। यह मौके की बात है। पाकिस्तान के बारे में कठोरता बरत रहे गृहमंत्री ने चीन के बारे में सधी हुई प्रतिक्रिया व्यक्त की। जैश ए मोहमद के सरगना मौलाना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र के तहत प्रतिबंधित करने के भारत के प्रयासों पर चीन के अड़ंगे पर उन्होंने चीन की सीधी आलोचना नहीं की।

उन्होंने कहा कि शायद चीन ने अपने आंतरिक हालात के कारण हमारा समर्थन नहीं किया। लेकिन हमें उम्मीद है कि वे भविष्य में हमारा समर्थन अवश्य करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा सात इस्लामिक देशों के नागरिकों को वीजा देने पर रोक लगाने के निर्णय के सवाल पर सिंह ने कहा कि ट्रंप ने स्थानीय स्तर पर आतंकवाद के खतरे का आंकलन करने के बाद ही यह निर्णय लिया होगा।

Previous articleमां लक्ष्मी का वाहन उल्लू ऐसे बनाता है मालामाल
Next articleलो ब्लड प्रैशर को कंट्रोल करने में कारगार हैं ये उपाय

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here