राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामनवमी के अवसर पर शनिवार को सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी। कोविंद ने ट्विटर पर लिखा कि रामनवमी पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भगवान राम का जीवन स्वयं में एक संदेश है और हमें मन, विचार और कर्म से श्रेष्ठ बनने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर राष्ट्र-सेवा का और समाज में भाईचारे का वातावरण बनाने का संकल्प लें।
वहीं पीएम मोदी ने भी शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि रामनवमी के पावन पर्व पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। जय श्रीराम। देशभर में आज रामनवमी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान श्रीराम आज ही के दिन यानी चैत्र माह में रामनवमी के दिन पुनर्वसु नक्षत्र और कर्क लग्न में राजा दशरथ के घर अयोध्या में अवतरित हुए थे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रामनवमी पर्व के अवसर पर बिहारवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि रामनवमी जैसे पर्व राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं।




























































