भारत-नेपाल में दिल का रिश्ता है : मुख्यमंत्री श्री चौहान

0

ई-पत्रकार-भारत में नेपाल के राजदूत श्री दीप कुमार उपाध्याय ने आज मंत्रालय में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से सौजन्य भेंट की। श्री उपाध्याय ने मुख्यमंत्री को पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति भेंट की और उन्हें नेपाल आमंत्रित किया। श्री चौहान ने कहा कि सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यता की दृष्टि से नेपाल और भारत में सिर्फ मित्रवत राष्ट्र का नहीं बल्कि परस्पर भाई-चारे का रिश्ता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल और भारत के लोगों के बीच दिलों का संबंध है।

राजदूत श्री उपाध्याय ने कहा कि नेपाल में जल-विद्युत उत्पादन की विशाल संभावनाएँ हैं। भारत इन संभावनाओं का दोहन करने में मदद कर सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतर्राष्ट्रीय सहयोग और शांति स्थापित करने में आगे बढ़ रहा है। इस दिशा में भी ठोस प्रयास होंगे।

श्री दीप उपाध्याय ने मध्यप्रदेश और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने के लिये सांस्कृतिक और अकादमिक समूहों का आदान-प्रदान शुरू करने की इच्छा जाहिर की। मुख्यमंत्री ने इस पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि यह मध्यप्रदेश के लिये भी लाभदायी होगा। मुख्यमंत्री ने श्री उपाध्याय को आनंद मंत्रालय के गठन के उद्देश्य और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी। श्री उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश में रह रहे नेपाली समुदाय के लोग प्रदेश के शासन-प्रशासन से खुश हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाली व्यापारिक समुदाय को प्रदेश में पूरा सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर नेपाली दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी, लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री अशोक वर्णवाल उपस्थित थे।

Previous articleजन्म का समय तय करता है कैसी होगी आपकी पर्सनालिटी
Next articleपंजाब-गोवा के लिए आज आ सकती है बीजेपी उम्मीदवारों की लिस्ट

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here