भोपाल देश का पहला स्मार्ट शहर होगा

0

पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने कहा है कि भोपाल शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के हरसंभव प्रयास हो रहे हैं। भोपाल देश का पहला स्मार्ट शहर होगा। श्री भार्गव आज होटल नूर-उस-सबा में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट लांचिंग कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

मंत्री श्री भार्गव ने कहा कि एक साल पहले प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश के शहरों में विकास के नये आयाम रचने के लिये स्मार्ट सिटी की कल्पना की थी। आज भोपाल शहर इस दिशा में आगे बढ़ चला है, विकास की अवधारणा सफल होते दिख रही है। उन्होंने कहा कि भोपाल बेहतर और खूबसूरत शहर है। यह हिन्दुस्तान का पहला स्मार्ट शहर होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के मार्गदर्शन में भोपाल की धरोहर एवं सांस्कृतिक विरासत को सँवारने का कार्य किया गया है, जो अतुलनीय है। आगे चलकर पूरा भोपाल शहर स्मार्ट होगा। इससे पर्यटन की भी अपूर्व संभावनाएँ बढ़ेंगी।

नगरीय विकास राज्य मंत्री श्री लाल सिंह आर्य ने कहा कि भोपाल शहर स्मार्ट बने, इसके लिये सभी की सोच एवं सहयोग सकारात्मक होना चाहिये। उन्होंने कहा कि अभी तो स्मार्ट शहर की शुरूआत है, आगे चलकर प्रदेश के शहरों को स्मार्ट बनाया जायेगा।

महापौर श्री आलोक शर्मा ने कहा कि वे भोपाल शहर को हर क्वालिटी की सुविधा देने के लिये प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि असली काम अब शुरू हुआ है। स्मार्ट सिटी के सपने को आज मूर्तरूप दिया जा रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि भोपाल शहर में साइकिल ट्रेक बनाने का भी प्रयास किया जायेगा।

कार्यशाला में मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने स्मार्ट स्ट्रीट पोल्स, सिटी लेवल जीआईएस, भोपाल प्लस (एप), स्मार्ट पब्लिक बाइक शेयरिंग, इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम और पेन सिटी मॉडल की लांचिंग की।

कार्यशाला में उपस्थित शहर के गणमान्य नागरिकों को स्मार्ट भोपाल कार्य-योजना का प्रेजेन्टेशन दिया गया। सांसद श्री आलोक संजर, पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष श्री तपन भौमिक, प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री मलय श्रीवास्तव, नगरीय विकास आयुक्त श्री विवेक अग्रवाल, कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े एवं नगर निगम आयुक्त श्रीमती छवि भारद्वाज एवं नागरिक उपस्थित थे।

Previous articleग्वालियर में बनेगा दिव्यांगों के लिये नेशनल स्पोर्टस सेंटर
Next articleहाफिज सईद बोला- पाकिस्तानी नदियों को मुक्त कराने के लिए भारत के खि‍लाफ छेड़ेंगे जि‍हाद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here