मध्यप्रदेश में जल्द लागू होगा महिला अपराधों के लिए कड़ा कानून – मुख्यमंत्री

0

भोपाल – ईपत्रकार.कॉम | मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि महिला अपराधों के मामलों में कड़ी सजा दिलाने के लिये कानून में परिवर्तन किया जायेगा। महिला अपराधों के लिये बहुत संवेदनशीलता से कार्रवाई की जाये। ऐसे प्रकरणों में अपराधियों को सख्त सजा दिलायी जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहां मुख्यमंत्री निवास पर उत्कृष्ट सेवा के लिये सम्मानित पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि श्री चौहान हर वर्ष पदक विजेता पुलिस कर्मियों को परिवार सहित अपने निवास पर आमंत्रित करते हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पुलिस का कोई भी जवान शहीद होगा तो उसके परिवार को एक करोड़ रुपये सम्मान निधि दी जायेगी। राज्य सरकार हर परिस्थिति में आपके खड़ी है। मध्यप्रदेश पुलिस की उपलब्धियां गर्व करने योग्य हैं। पुलिस के कारण प्रदेश की जनता चैन की नींद सोती है और मध्यप्रदेश शांति का टापू माना जाता है। प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों की चर्चा करते हुये उन्होंने कहा कि डकैत समस्या, आतंकी समस्या और सिमी के नेटवर्क को समाप्त करने का कार्य प्रदेश की पुलिस ने किया है। चिन्हित अपराधों के मामले में शीघ्र और कड़ी सजा दिलवाने की सफलता प्राप्त की है। गुंडों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इन्दौर में चलाये गये अभियान की प्रशंसा करते हुये कहा कि इस तरह के अभियान से अपराधियों में भय का वातावरण बनता है। डायल-100 का उल्लेख करते हुये कहा कि इससे घटना स्थल पर पुलिस बहुत कम समय में पहुंच रही है। प्रदेश में पुलिस बल की लगातार वृद्धि की जा रही है। पुलिस कर्मियों के लिये आवासों का निर्माण का कार्य जारी है। पुलिस कर्मियों के परिवारों के कल्याण में कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। पुलिस कर्मियों के मेधावी बच्चों की पढ़ाई में मदद की जायेगी।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक श्री आर.के. शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल में वृद्धि और तकनीकी उन्नयन के प्रयास तेजी से चल रहे हैं। हमारे नवाचार डायल-100 को देश की 17 राज्यों ने अपनाया है। पुलिस कर्मियों के लिये 25 हजार आवास स्वीकृत किये गये हैं। प्रदेश पुलिस देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस बलों में मानी जाती है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सतना जिले के कुख्यात डकैत ललित पटेल और उसके गिरोह को समाप्त करने के लिये सतना पुलिस अधीक्षक श्री राजेश हिंगनकर और पुलिस निरीक्षक श्री अनिमेष द्विवेदी को सम्मानित किया। लास एंजिल्स में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में 85 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले श्री शत्रुघन यादव का सम्मान किया। साथ ही विशेष शाखा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती साधना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विशेष पुलिस महानिदेशक श्री वी.के. सिंह, श्री संजय चौधरी और श्री मैथलीशरण गुप्त, अपर पुलिस महानिदेशक श्री राजीव टंडन और श्री के.एन. तिवारी भी उपस्थित थे।

Previous article16 अगस्त 2017 राशिफल – जानिए कैसा रहेगा आपके लिए बुधवार का दिन
Next articleमुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया 65 पुलिस अधिकारियों को

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here