मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्य प्रदेश में अमेरिका से बेहतर सड़के हैं। अमेरिकी प्रवास पर गए चौहान ने वहां मोदी सरकार की तारीफ की और कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक विकास तेजी से हो रहा है।
वॉशिंगटन डीसी में रसेल सीनेट हॉल में भारतीय दूतावास के सहयोग से पंडित दीनदयाल उपाध्याय फोरम के शुभारंभ के मौके पर चौहान ने कहा, ‘अगर किसी राज्य को आगे बढ़ाना है तो बुनियादी ढांचे के बिना वो आगे नहीं बढ़ सकता इसके लिए सबसे पहले हमने सड़कें बनवाई।’ शिवराज ने आगे कहा कि सड़कें भी ऐसी कि जब मैं यहां वॉशिंगटन में एयरपोर्ट में उतरा और सड़कों पर चलकर आया तो मुझे लगा कि मध्य प्रदेश की सड़कें यूएस से बेहतर हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मुस्कुराते हुए आगे कहा कि मैं यह सिर्फ कहने के लिए नहीं कहा रहा। सीएम ने आगे कहा कि हमने मध्य प्रदेश में करीब 1.75 लाख किमी सड़कें बनाई। ये सड़कें सभी गांव को जोड़ते हुए बनाई गई। शिवराज ने यहा पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आर्थिक प्रगति के शीर्ष पर है और जीएसटी खेल बदलने वाला टैक्स सुधार है।



































































