मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विद्यार्थियों के साथ किया सूर्य नमस्कार और प्राणायाम

0

स्वामी विवेकानंद जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर आज पूरे प्रदेश में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह स्थानीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक शाला के प्रांगण में बच्चों के साथ सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम किया।

श्री चौहान ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर उनका पुण्य-स्मरण किया। उन्होंने विवेकानंद के आदर्शों का स्मरण करते हुए कहा कि मनुष्य में अनंत शक्तियाँ और ऊर्जा होती है। वह असंभव कार्य भी आसानी से कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों का आव्हान किया कि वे स्वयं पर विश्वास रखें। हमेशा आत्म विश्वास से भरे रहें और स्वस्थ शरीर और प्रखर बुद्धि के साथ नई ऊँचाइयों को छुएँ।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने यह सिखाया कि जीवन व्यर्थ बिताने के लिये नहीं बल्कि महान कार्य करने के लिये है। उन्होंने युवाओं का आव्हान किया कि वे खूब खेलें, स्वस्थ रहें और पढ़ाई करें। पढाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने गुलदस्ते की जगह किताबों से स्वागत करने की स्कूल शिक्षा की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसमें जिज्ञासु प्रवृत्ति का विकास होगा।

मुख्यमंत्री ने सूर्य नमस्कार के लाभ बताते हुए कहा कि यह योग क्रियाओं का समुच्चय है। उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषियों ने वर्षों के ज्ञान और चिंतन के बाद सूर्य नमस्कार को मानव समाज के सामने प्रस्तुत किया। उल्लेखनीय है कि सूर्य नमस्कार और प्राणायाम करना प्रदेश की युवा नीति का अंग है।

कार्यक्रम का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री कुंवर विजय शाह और स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री दीपक जोशी और राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने भी सामूहिक सूर्य नमस्कार और प्राणायाम में भाग लिया। उन्होंने भस्त्रिका और भांभरी प्राणायाम किया। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण का पाठ विद्यार्थियों को सुनाया गया।

Previous articleसावधान! झूठ बोलने में माहिर होते हैं इस तरह के लड़के
Next article26 फरवरी को नए स्मार्टफोन्स लॉन्च कर सकता है Nokia

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here