वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में दूसरी वरीय खिलाड़ी के तौर पर उतर रहे नोवाक जोकोविक के कोच और पूर्व दिग्गज टेनिस स्टार आंद्रे अगासी ने कहा है कि उन्हें पूरा भरोसा है कि सर्बियाई खिलाड़ी इस बार खिताब जीत सकते हैं। खराब फॉर्म से जूझ रहे जोकोविक विंबलडन में अपने चौथे खिताब के लिए मंगलवार को स्लोवाकिया के मार्टिन क्लिजान के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेंगे।
आठ बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन अगासी ने कहा, ‘आपको हैरानी नहीं होनी चाहिए यदि जोकोविक यहां खिताब जीत जाते हैं तो। यदि आप पूछें कि क्या वह अपने खिताब का रास्ता तलाश सकते हैं तो मैं कहूंगा कि बेशक। यही हमारी हमेशा योजना रहती है। जीतने का सपना हमेशा आपका अपना होता है। जोकोविक लय में हैं और वह अपने लक्ष्य को साध सकते हैं। मैं उन्हें अब पहले से ज्यादा जानता हूं और यह सबसे जरूरी बात है। हमें पता है कि हमारी योजना क्या है और हमें कैसे उसे हासिल करना है।’ अगासी मई में फ्रेंच ओपन से पहले पहले ही जोकोविक की कोचिंग टीम का हिस्सा बने हैं।
अमेरिकी खिलाड़ी ने कहा कि वह जोकोविक को खेल की योजना समझने में मदद कर रहे हैं। 12 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन जोकोविक को जीत का प्रबल दावेदार बताते हुए अगासी ने कहा कि हम समस्या सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं। मुझे उन्हें खेल को समझाने और खुद में विश्वास जगाने के लिए मदद करने में मजा आ रहा है। इसी से वह फिर से दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बन जाएंगे। जोकोविक ने 2004 के विंबलडन सेमीफाइनलिस्ट मारियो एनसिस को भी अपनी कोचिंग टीम में जोड़ा है।






























































