राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलिया का तिलिस्म तोड़ सकती है भारतीय हॉकी टीम : जफर

0

आखिरी बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम (1980 मॉस्को ओलंपिक) के सदस्य रहे भारतीय हॉकी के लीजेंड खिलाड़ी जफर इकबाल ने कहा है कि मनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली भारतीय पुरूष हॉकी टीम इस बार गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में ऑस्ट्रेलिया का तिलिस्म तोड़ सकती है।

जफर ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा- ऑस्ट्रेलिया निश्चित रूप से एक बहुत अच्छी टीम है और शीर्ष स्तर की हॉकी खेलती है। लेकिन भारतीय टीम ने भी पिछले कुछ वर्षों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और कुछ मौकों पर ऑस्ट्रेलिया को हराया भी है। मुझे पूरी उम्मीद है कि भारतीय टीम इस बार ऑस्ट्रेलिया रूपी गतिरोध को पार कर लेगी।

राष्ट्रमंडल खेलों में होगा कड़ा मुकाबला 
भारतीय टीम पिछले दो राष्ट्रमंडल खेलों 2010 के दिल्ली खेल और 2014 के ग्लास्गो खेलों में फाइनल में पहुंची थी और दोनों बार उसे ऑस्ट्रेलिया से हार कर रजत पदक से संतोष करना पड़ा था। जफर ने कहा कि दिल्ली खेलों में भारतीय हॉकी टीम फाइनल में आस्ट्रेलिया से बुरी तरह हारी थी लेकिन चार साल बाद उसने ग्लास्गो में हार के अंतर को कम कर दिया था। जफर ने कहा- राष्ट्रमंडल खेलों में हॉकी में मुकाबला कड़ा होगा। इन खेलों में पांच बार का चैंपियन ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान जैसी टीमें मौजूद रहेंगी। ऐसी टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।

हमारी दोनों (पुरुष और महिला) टीमें अच्छी
जफर ने साथ ही कहा- हमारी टीम की तैयारियां काफी अच्छी हैं। पुरूष और महिला दोनों ही टीमों ने पिछले कुछ समय में काफी मैच खेले हैं और काफी अनुभव हासिल किया है। इसे देखते हुए तैयारी अच्छी मानी जा सकती है। हालांकि मुझे लगता है कि महिला टीम के पास फायदा रहेगा क्योंकि उसने 2002 के मैनचेस्टर खेलों में स्वर्ण और 2006 के मेलबोर्न खेलों में रजत जीता था।

अच्छी टीम है भारत, तकड़ा होगा मुकाबला
सुल्तान अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट में हाल में पांचवें स्थान पर रहने वाली भारतीय टीम से अनुभवी मिडफील्डर सरदार सिंह को हटाए जाने पर जफर ने कहा- सरदार जैसे अनुभवी खिलाड़ी को हटाए जाने की जरूर कुछ वजह रही होगी। हो सकता है उन्हें टीम संयोजन के चलते हटाया गया हो। लेकिन मुझे लगता है कि जो टीम राष्ट्रमंडल खेलों के लिए चुनी गई है वह एक बेहतरीन टीम है जो निश्चित रूप से अच्छा करेगी।

भारतीय हॉकी टीम है आत्मविश्वास से भरी
जफर ने कहा कि भारतीय हॉकी टीम में पहले के मुकाबले नया आत्मविश्वास आ चुका है और इसका श्रेय हॉकी लीग को जाता है जिसमें भारतीय खिलाडिय़ों ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाडिय़ों के साथ खेलकर अपने अंदर नया आत्मविश्वास पैदा किया है। हॉकी लीजेंड ने राष्ट्रमंडल खेलों के भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा- दिल्ली में हमने 100 से ज्यादा पदक और दूसरा स्थान हासिल किया था। पिछले खेलों में 65 पदक आए थे। इस बार जिस तरह का हमारा दल है उससे मुझे उम्मीद है कि हम गोल्ड कोस्ट में दिल्ली के आसपास पहुंच सकेंगे।

Previous article28 मार्च 2018 बुधवार , पंचांग एवं शुभ मुहूर्त
Next articleघर को बुरी नजर से बचाता है यह मंत्र

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here