रूसी सेना का विमान TU-154 सागर में गिरा, 92 के मरने की आशंका

0

सीरिया जा रहा रूसी टीयू-154 सैन्य विमान रविवार को काला सागर (ब्लैक सी) में दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गया। विमान में 92 लोग सवार थे। सभी के मारे जाने की आशंका है। विमान में सवार लोगों में संगीत दल के सदस्य, कुछ पत्रकारों के अतिरिक्त बाकी सैनिक थे। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हाल ही में साइबेरिया में हुई एक अन्य रूसी सैन्य विमान की दुर्घटना में 39 लोग घायल हुई थे।

रूसी रक्षा मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार विमान सुबह 5.40 बजे एडलर सैन्य अड्डे से सीरिया के लिए रवाना हुआ था। विमान में सेना के संगीत दल रेड आर्मी चोइर के कलाकार, कुछ सैनिक और सरकार द्वारा संचालित टीवी चैनल के नौ पत्रकारों समेत 84 लोग थे। विमान में चालक दल समेत आठ क्रू मेंबर भी थे। संगीत दल के सदस्यों को सीरिया स्थित रूसी एयरबेस में आयोजित नए साल के कार्यक्रम में हिस्सा लेना था। विमान उड़ान की कुछ देर बाद ही रडार से गायब हो गया।
बाद में हुई तलाश में इसका मलबा तटवर्ती शहर सोची से डेढ़ किलोमीटर दूर काला सागर में पाया गया। मलबा पानी के नीचे से 50 से 70 मीटर की गहराई में पड़ा है। विमान पश्चिमी सीरिया के हेमीमिम एयरबेस के लिए नियमित उड़ान पर था। इस एयरबेस से रूसी लड़ाकू विमान उड़कर राष्ट्रपति बशर अल असद विरोधी लड़ाकों पर हमला करते हैं। सैन्य विमान टीयू-154 पहले भी कई बार दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं।
लेकिन इस बार की दुर्घटना को लेकर कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। जांच के लिए रक्षा मंत्रालय के उच्चस्तरीय दल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। उप रक्षा मंत्री पावेल पोपोव भी एडलर पहुंच गए हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को दुर्घटना की जानकारी दे दी गई है। घटना का कारण पता लगने पर वह प्रतिक्रिया व्यक्त करेंगे।

Previous articleट्रंप अपना फाउंडेशन भंग करेंगे
Next articleसिंधु समझौता: पाकिस्तान ने विश्व बैंक से कहा, निभाओ अपना वादा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here