रोड शो से पहले ट्विटर पर प्रियंका गांधी की एंट्री

0

कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ दौरे से पहले ट्विटर पर एंट्री कर ली है। हालांकि अभी तक प्रियंका ने कोई ट्वीट नहीं किया है। प्रियंका का ट्विटर हैंडल @priyankagandhi है और वे प्रियंका गांधी वाड्रा के नाम से ट्विटर पर हैं। प्रियंका के सोमवार को ट्विटर पर आते ही कई हजार फॉलोवर हो गए हैं। हालांकि उन्होंने अभी तक सिर्फ सात लोगों को ही फॉलो किया है। उन्होंने शुरुआती तौर पर कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल, भाई एवं पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेता अहमद पटेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को फॉलो किया। बता दें कि प्रियंका सोमवार को ही चार दिन के दौरे पर पहली बार लखनऊ आ रही हैं।

इस दौरान वह हर रोज 13 घंटे तक काम करेंगी। लखनऊ आने के तुरंत बाद प्रियंका वाड्रा अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मिलकर लोकसभा चुनावों में पार्टी की रणनीति बनाने का काम शुरू कर देंगी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि हर रोज प्रियंका सुबह साढ़े 9 बजे से रात साढ़े 11 बजे तक काम करेंगी। दोपहर में 1 बजे से डेढ़ बजे तक वो दोपहर का भोजन लेंगी। लोकसभा चुनाव से पहले अपनी बहन प्रियंका को राजनीति में लाकर राहुल गांधी ने बड़ा दांव खेला है।

Previous articleटाइगर श्रॉफ, अनन्या पांडे और तारा सुतारिया करण के शो में आएंगे नजर
Next articleप्रियंका हुईं राहुल संग चुनावी रथ पर सवार, लखनऊ की सड़कों पर जनसैलाब