प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में ‘सवास्दी PM मोदी’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों को संबोेधित करते हुए कहा कि थाईलैंड के कण-कण में अपनापन नजर आता है. थाईलैंड में भारतीयता की महक हम जरूर महसूस करते हैं.
हाउडी मोदी की तर्ज में बैंकॉक में पीएम मोदी के सम्मान में ‘सवास्डी PM मोदी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया है. बैंकॉक के निमिबुत्र स्टेडियम में ‘सवास्डी PM मोदी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्राचीन सुवर्णभूमि, थाइलैंड में आप सभी के बीच हूं तो लगता ही नहीं है कि कहीं विदेश में हूं. ये माहौल, ये वेशभूषा, हर तरफ से अपनेपन का आभास मिलता है, अपनापन झलकता है. आप भारतीय मूल के हैं सिर्फ इसलिए नहीं, बल्कि थाइलैंड के कण-कण, जन-जन में भी अपनापन नज़र आता है.
पीएम मोदी ने कहा कि यहां की बातचीत में, यहां के खान-पान में, यहां की परंपराओं में, आस्था में, आर्किटेक्चर में, भारतीयता की झलक है. पूरे विश्व ने अभी दीवाली का त्यौहार मनाया है. आज छठ का बहुत बड़ा त्योहार है. थाईलैंड की यह मेरी पहली आधिकारिक यात्रा है. तीन साल पहले थाईलैंड नरेश के स्वर्गवास पर मैंने शोक संतप्त भारत की ओर से उन्हें श्रद्धांजालि अर्पित की थी.
भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज थाईलैंड के नए नरेश के राज-काल में, अपने मित्र प्रधानमंत्री प्रयुत चान ओ च के निमंत्रण पर मैं भारत-आसियान समिट में भाग लेने यहां आया हूं.
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे रिश्ते सिर्फ सरकारों के बीच के नहीं हैं. सरकारों ने तो इन्हें बनाया भी नहीं है. इन्हें इतिहास ने बनाया है. भगवान राम की मर्यादा और बुद्ध की करुणा हमारी साझी विरासत है. भारत और थाईलैंड की जीवनशैली भी साझी है.
पीएम मोदी ने कहा कि ये रिश्ते दिल के हैं, आत्मा के हैं, आस्था के हैं और अध्यात्म के हैं. भारत का नाम पौराणिक काल के जंबूद्वीप से जुड़ा है. वहीं थाइलैंड सुवर्णभूमि का हिस्सा था. हजारों साल पहले भारत और थाईलैंड के रिश्ते समुद्री रास्ते जुड़े थे. सस्वादी पीएम मोदी कार्यक्रम का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सस्वादी संस्कृत शब्द से बना है, जिसका मतलब होता है कल्याण.
वहीं, पीएम मोदी को सुनने के लिए भारतीय समुदाय के लोग काफी संख्या में निमिबुत्र स्टेडियम पहुंचे हुए हैं. भारतीय समुदाय में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह है. भारतीय समुदाय के लोग मोदी-मोदी के नारे लगा रहे हैं. पीएम मोदी दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को बैंकॉक पहुंचे हुए हैं. पीएम मोदी का यह दौरा तीन दिन का है.
थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में शनिवार को आसियान का वार्षिक शिखर सम्मेलन शुरू हो गया. आसियान के 10 सदस्य देशों के नेता इस सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हुए हैं. आसियान के सदस्य देशों में म्यांमार, ब्रुनेई, कंबोडिया, फिलीपींस, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम शामिल हैं.
इस सम्मेलन की मेजबानी इस बार थाईलैंड कर रहा है. इस दौरान इस क्षेत्रीय समूह की वार्षिक बैठक में सुरक्षा, व्यापार, निवेश और प्रदूषण से निपटने के लिए उपाय जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे.





























































