कोरोना का कहर:अमेरिका में नहीं थम रहा कोरोना, मौतों का आंकड़ा 140,000 तक पहुंचा

0

अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. मौत के मामले घटने के बजाय दिनों दिन बढ़ते जा रहे हैं. अमेरिका में कोरोना से मौत का रिकॉर्ड बनता जा रहा है. शनिवार को अमेरिका में इस बीमारी से मौतों का आंकड़ा 140,000 पर पहुंच गया. भयावह स्थिति यह है कि कुल 50 में से 42 राज्यों में कोरोना का संक्रमण पैर पसार चुका है. समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है.

राष्ट्रपति ट्रंप जून महीने से दावा करते आ रहे हैं कि कोरोना का प्रसार धीरे-धीरे थम रहा है. लेकिन देखा यह जा रहा है कि कई जगहों पर नए मामले आने शुरू हो गए हैं और संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है. रॉयटर्स के आंकड़ों के मुताबिक कोरोना से मौत की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है. एक हफ्ते में लगभग 5 हजार लोगों की मौत हो रही है. जबकि अमेरिका के पड़ोसी देश कनाडा में हालात बिल्कुल स्थिर हैं और इस महामारी की शुरुआत से लेकर अभी तक वहां 8800 मौतें दर्ज की गई हैं.

एक आंकड़े के मुताबिक, स्वीडन में कोरोना महामारी शुरू होने से लेकर जितनी मौत हुई है, उतनी एक हफ्ते में अमेरिका में दर्ज की गई है. यह आंकड़ा 5600 मौतों का है. अमेरिका में हालत यह हो गई है कि शवगृह भर चुके हैं और अब अतिरिक्त शव रखने की जगह नहीं बची है. फीनिक्स शहर में शवगृह की क्षमता से अधिक शव रखे गए हैं. टेक्सास और सैन एंटोनियो में अतिरिक्त शवों के रखरखाव के लिए अलग से रेफ्रिजरेटर मंगाए जा रहे हैं.

Previous articleकोविड-19 के संक्रमण को रोकना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता-मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान
Next articleसोमवार को 11 पेशेंट स्वस्थ होकर घर पहुंचे