मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण के व्यापक प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने इस साल का 15 अगस्त की परेड रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है. बुधवार को शिवराज कैबिनेट की बैठक में तय किया गया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर इस साल स्वतंत्रता दिवस पर सार्वजनिक उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम और परेड आदि का आयोजन नहीं किया जाएगा.
सीएम की अपील सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर तिरंगा फहराएं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सीमित व्यक्तियों की उपस्थिति के साथ ही समारोह मनाएं. सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए कार्यालयों में राष्ट्रध्वज फहराया जाए. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस की वजह से स्वतंत्रता दिवस समारोह पूर्ववत ना होकर प्रतीक स्वरूप हो. इनमें पारंपरिक रूप से बच्चों को बुलाये जाने और कार्यक्रम में शामिल करने की परंपरा इस वर्ष स्थगित रखी जाए.
बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
बता दें कि मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 785 नए मामले सामने आए हैं. अब एमपी में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 24,095 हो गए हैं. वहीं राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से 18 और लोगों की मौत हुई है जो कि हाल के दिनों में सबसे ज्यादा है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से मृतकों संख्या बढ़कर 756 हो गई है.
24 घंटे में 18 मौतें
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस से इंदौर में 4 मौतें हुई, 4 मौत भोपाल में हुई, 1 मौत मुरैना में, 1 जबलपुर में, 1 सागर में, 1 रतलाम में, 1 धार में, 1 बड़वानी में, 1 दतिया में, 1 होशंगाबाद में, 1 झाबुआ में और 1 मौत गुना में हुई है.
वहीं अब तक मध्य प्रदेश में 16,257 लोग कोरोना को हराकर स्वस्थ हो चुके हैं और अपने घर जा चुके हैं, फिलहाल मध्यप्रदेश में एक्टिव कोरोना केसों की संख्या 7,082 है.



































































