साल 2015 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाहुबली’ के मेकर्स इन दिनों अपनी फिल्म को लेकर काफी चिंता में हैं और ये ही वजह है कि फिल्म के कंटेंट को सुरक्षित रखने के लिए मेकर्स ने अपनी कमर कस ली है. फिल्म के डारेक्टर राजामौली इस बात पर खास ध्यान दे रहे हैं कि एडिटिंग के समय एडिट टीम के अलावा उस जगह पर और कोई भी मौजूद ना हो.
यही नहीं एडिट टीम पर सीसीटीवी के जरिए भी खास नज़र रखी जा रही है और ऑफिस से निकलते समय एडिट टीम की अच्छे से जांच की जाती है जिसके बाद उन्हें बिल्डिंग से बाहर जाने की अनुमति मिलती है. कई बार ऐसा भी हुआ जब एडिटिंग के लिए उन्हें पूरा-पूरा दिन ऑफिस में बिताना पड़ता है.
एस एस राजामौली खुद पर्सनल लेवल पर एडिटिंग पर ख़ास ध्यान दे रहे हैं और जितना हो सके उतना समय वो अपनी एडिटिंग टीम के साथ बिता रहे हैं. इस फिल्म की सिक्योरिटी को लेकर एक्टर्स तक को ये हिदायत दी गई है कि वो अपने परिवार वालों के साथ भी फिल्म से जुड़ी कोई भी बात या जानकारी शेयर ना करें.
फिल्म का ट्रेलर इंटरनेट पर पूरी तरह से छाया हुआ है और साथ ही इस ट्रेलर ने इंडिया में अब तक का सबसे ज़्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर का खिताब भी अपने नाम कर लिया है. दर्शकों से तो फिल्म को अच्छा रिस्पांस मिल ही रहा है वहीं क्रिटिक ने भी ट्रेलर की खूब सराहना की है. अब ये तो हर कोई जानता ही है कि फिल्म का फर्स्ट पार्ट कितना हिट था और ये ही वजह है कि इस दूसरे भाग के साथ राजामौली उससे भी डबल तहलका मचाने की इच्छा रखते हैं.
10 जुलाई 2015 की वो तारिख भला कौन भूल सकता है. ये वो ही तारिख थी जिस दिन फिल्म ‘बाहुबली- द बिगिनिंग’ रिलीज़ हुई थी और इसी के साथ भारत को मिल गया थे उसका पसंदीदा सवाल, आखिर कट्टपा ने बाहुबली को क्यों मारा? और एक वो दिन था और आज का दिन है जब हर कोई प्रभास, एस एस राजामौली, करण जौहर, राणा दग्गुबती से हर कोई ये ही सवाल पूछता हुआ नज़र आता है, लेकिन राजामौली ने इस पर बखूबी सीक्रेट बनाए रखा है.
एआरके एंटरटेनमेंट इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं. वहीं एस एस राजामौली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में राणा दग्गुबती, तमन्ना भाटिया, अनुष्का शेट्टी और सत्यराज लीड रोल में आएंगे. तो वहीं प्रभास भी अपनी मौजूदगी महसूस करवाएंगे. फिल्म 28 अप्रैल को रिलीज होगी.






























































