उन्नत और लाभकारी खेती के लिए ऐरा प्रथा को बंद करने की आज महती आवश्यकता है-कलेक्टर

0

 शहडोल- (ईपत्रकार.कॉम) |कलेक्टर श्री मुकेश शुक्ला ने कहा है कि जिले में ऐरा प्रथा को बंद करने के लिये जागरूकता अति आवश्यक है, उन्होने कहा कि ऐरा प्रथा पूर्णतः बंद होनी चाहिए यह सभी किसान चाहते हैं किंतु सत्यता यह है कि ऐरा पशु भी किसानों के ही हैं। उन्होने कहा कि अगर हमें ऐरा प्रथा को पूर्णतः प्रतिबंधित करना है तो हमें पशुधन की भी सुरक्षा करना चाहिए तथा पशुधन के लिये समुचित व्यवस्थाएं करना होगा। कलेक्टर ने कहा कि जुगवारी क्षेत्र में किसानों की मांग पर कांजी हाउस प्रारंभ करने की कार्यवाही ग्राम पंचायतों द्वारा की जा रही है। उन्होने कहा कि उन्नत और लाभकारी खेती के लिए ऐरा प्रथा को बंद करने की आज महती आवश्यकता है, इस दिशा में पशु पालक और किसान पहल कर ऐरा प्रथा को बंद करने में सहयोग करें।

कलेक्टर श्री मुकेश शुक्ला आज सोहागपुर विकास खण्ड के ग्राम पंचायत जुगवारी में किसानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि जुगवारी क्षेत्र के किसानों की मांग के अनुरूप क्षेत्र में सिंचाई की क्षमता बढ़ाने के लिये जलाशय अथवा डेम बनाने के लिये प्रयास किये जाएंगे। इसी प्रकार किसानों की मांग के अनुरूप पटवारियों को अपने हल्के में रहने के लिये पाबंद किया जायेगा, इसके लिये पटवारियों को निर्देशित किया जा रहा है। ग्राम जुगवारी की चौपाल में कलेक्टर ने किसानों की समस्याएं सुनी। ग्राम पंचायत पटासी के किसान श्री अरूण तिवारी ने कलेक्टर को बताया कि चालू खरीफ सीजन में किसानों को तिल, उड़द और सोयाबीन के मिनी किट्स नहीं दिये गये हैं, कृषि अधिकारियों द्वारा व्यक्ति विशेष किसानों को ही अनुदान पर बीज मुहैया कराया गया है। उनका कहना था कि गरीब और आदिवासी वर्ग के किसानों को इससे वंचित रखा गया है। श्री अरूण तिवारी का कहना था कि सोहागपुर क्षेत्र में अनुदान पर बीज वितरण की जांच कराई जाये तथा दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाये जिस पर कलेक्टर ने निर्देश दिये कि वे इसकी जांच करायेंगे तथा दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही करेंगे।

गांव की चौपाल में ग्राम पंचायत पचगांव के पूर्व सरपंच श्री विजयशरण सिंह ने बताया कि पटवारी हल्का पचगांव की महिला पटवारी पुष्पा पटेल और ग्रामीण विस्तार अधिकारी सुश्री सुमित्रा सिंह ग्रामीणों के सम्पर्क में नहीं रहती हैं, कभी कभार ही गांव में आती है जिसके कारण ग्राम पंचायत पचगांव के किसान और हितग्राही शासन की सुविधाओं से वंचित हैं। पूर्व सरपंच का कहना था कि इन दोनो महिला कर्मचारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाये तथा किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। जिस पर कलेक्टर ने कार्यवाही करने का आश्वासन पूर्व सरपंच को दिया। पूर्व सरपंच ने बताया कि ग्राम पंचायत पचगांव में मढ़ी टोला में लगभग 20 एकड़ जमीन चारागाह के लिये सुरक्षित थी किंतु किसानों द्वारा अतिक्रमण कर ली गई है, जिसके कारण पशुधन के संरक्षण में किसानों को असुविधा हो रही है। उक्त शिकायत पर कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार से वस्तु स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि चारागाह की भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त किया जाये। कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार को निर्देश दिये कि वे अपने क्षेत्र के सभी हल्कों का भ्रमण करें तथा जिन क्षेत्रों में चारागाह की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है कि उन क्षेत्रों से चारागाह की भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जाये।

ग्राम की चौपाल में कलेक्टर को ग्राम बंधवाबड़ा के कृषक श्री अनिल द्विवेदी ने बताया कि ग्राम बंधवाबड़ा के एक मात्र निस्तारी तालाब की भूमि में किसानों द्वारा अतिक्रमण कर लिये जाने से ग्रामीणों को मृतकों का अंतिम संस्कार करने के लिये काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने कलेक्टर से मांग की कि तालाब की भूमि से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाये, जिस पर कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित नायब तहसीलदार और पटवारी को आज ही अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुये कहा कि चारागाह की भूमि, श्मशान की भूमि, तालाब के मेढ़ की भूमि, गोठान आदि की भूमि से राजस्व अधिकारी तत्काल अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित करे। कलेक्टर ने किसानों की मांग करने पर बताया कि शहडोल जिले में फसल बीमा की तिथि बढ़ाने के प्रयास किये जा रहे हैं। गांव की चौपाल में श्री भानु प्रताप सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ.मृगेंद्र सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर श्री मुद्रिका सिंह, अनुविभागीय अधिकारी कृषि श्री अखिलेश नामदेव, सहायक संचालक उद्यान श्री के.पी.एस.परिहार, कृषि वैज्ञानिक डॉ.राजेश त्रिपाठी एवं क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।

Previous articleछात्रावास में बच्चों को परिवार जैसा वातावरण मिलना चाहिए- राज्यसभा सांसद डॉ. जटिया
Next articleबालिकाओ को पुलिस भर्ती में चयन हेतु विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा – कलेक्टर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here