इंदौर – ईपत्रकार.कॉम |इंदौर जिले की सभी कृषि उपज मंडियों में किसानों की समस्याओं को निराकृत करने और उनकी सहायता के लिए किसान सहायता केंद्रों की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही चोइथराम स्थित कृषि मंडी के किसान विश्राम गृह को सर्वसुविधायुक्त बनाकर शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसके अलावा जिले में अविवादित नामांतरण के प्रकरण निराकृत करने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। इंदौर जिले में किसानों की समस्याओं को सहानुभूतिपूर्वक प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाएगा।
यह जानकारी कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई किसानों की समस्याओं संबंधी समन्वय बैठक में दी गई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नेहा मीणा सहित कृषि तथा उससे जुड़े विभागों के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री निशांत वरवड़े ने किसानों की समस्याओं को सुना और उन्हें निराकृत करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाएगा। उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो यह ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कृषि उपज मंडियों में अपनी कृषि उपज लाने वाले किसानों को सभी संभव सुविधा उपलब्ध कराएं। यह ध्यान रखें कि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी नहीं हो। कृषि उपज मंडियों में 10 क्विंटल से अधिक उपज लाने वाले किसान की उपज बड़े इलेक्ट्रॉनिक तौलकाटे से ही तौला जाये।
मंडियों में मंडी अधिनियम का पालन करवाया जाए। मंडी अधिनियम का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई की जाए। उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएं। मंडियों में सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने बताया कि जिले में अविवादित नामांतरण के प्रकरण निराकृत करने के लिए गत दिनों अभियान चलाया गया था, इस के अच्छे परिणाम मिले हैं, भविष्य में कुछ प्रकरण छूटे नहीं इसके लिए ग्रामवार पुनः शिविर लगाए जाएंगे। श्री वरवड़े ने बताया कि जिले में तालाबों के गहरीकरण का अभियान भी हाथ में लिया गया था, इस अभियान के भी अच्छे परिणाम मिले हैं। इससे जो मिट्टी निकली है वह मिट्टी किसानों ने अपने खेतों में डाली है। खेती की भूमि और अधिक उर्वरा हुई है। उन्होंने बताया कि जिले में बटांकन होने के बाद नक्शे में उसकी जानकारी दर्ज करने के लिए ग्रामवार अभियान चलाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि जिले में भरपूर बिजली उपलब्ध है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बिजली की आपूर्ति सतत बनाए रखी जाए।
बैठक में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी श्री महेश चौधरी, श्री लक्ष्मी नारायण पटेल, श्री आनंद ठाकुर, श्री रूप सिंह हाकिया, श्री अनिल पुरोहित सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद थे।



































































