ग्वालियर – ईपत्रकार.कॉम |प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि समाज के कमजोर वर्ग के जीवन स्तर को ऊपर उठाने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा लागू की गई “मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना” महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। जरूरतमंदों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाकर उनके जीवन स्तर को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा महत्वपूर्ण योजना लागू की गई है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने रविवार को वार्ड-20 में विद्युत विभाग द्वारा आयोजित सरल बिजली बिल एवं बकाया बिजली बिल माफी योजना के तहत आयोजित शिविर में जरूरतमंदों को बिजली बिल माफी के प्रमाण-पत्र वितरण किए। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा, मण्डल अध्यक्ष श्री रामप्रकाश परमार सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि संबल योजना के तहत लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत लोगों के पुराने बिजली बिल माफ कर उन्हें 200 रूपए प्रतिमाह पर बिजली उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही लोगों के स्वरोजगार के लिये मदद, स्वास्थ्य, शिक्षा के लिये सहायता एवं दुर्घटना में मृत्यु होने पर अंत्येष्टि सहायता और सामान्य मृत्यु होने पर परिजनों को सरकार की ओर से 2 लाख रूपए की मदद उपलब्ध कराई जा रही है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि संबल योजना के तहत जरूरतमंदों के पंजीयन का कार्य अभी भी चालू है। जिन लोगों ने योजना के तहत पंजीयन नहीं कराया है, वे सभी लोग अपना पंजीयन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा सके।
कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री रामप्रकाश परमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में 75 लोगों को बिजली बिल माफी के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।

































































