अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने का कहना है कि भारत को आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में देश के सैन्य बलों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए सैनिकों जैसी टोपी पहनने की अनुमति दी गई थी। पाकिस्तान ने इस पर आपत्ति जतायी थी।
रांची में आठ मार्च को खेले गए तीसरे वनडे में भारतीय टीम ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों के सम्मान में सैन्य टोपियां पहनी थी तथा अपनी मैच फीस राष्ट्रीय रक्षा कोष में दान कर दी थी। आईसीसी के महाप्रबंधक (रणनीतिक संचार) क्लेरी फुर्लोग ने बयान में कहा कि बीसीसीआई ने धन जुटाने और शहीद सैनिकों की याद में टोपी पहनने की अनुमति मांगी थी। हमने ही इसकी अनुमति दी थी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी को इस संबंध में कड़ा पत्र भेजा था और इस तरह की टोपी पहनने के लिए भारत के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। पीसीबी प्रमुख एहसान मनि ने रविवार को कराची में कहा-उन्होंने किसी अन्य उद्देश्य के लिए आईसीसी से अनुमति ली थी और उसका उपयोग दूसरे उद्देश्य के लिए किया जो कि स्वीकार्य नहीं है।
बीसीसीआई ने पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवानों के शहीद होने के बाद आईसीसी से उन देशों के साथ संबंध तोडऩे के लिए कहा था जो आतंकवाद को पनाह देते हैं। पुलवामा हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने ली थी।































































