लॉकडाउन बढ़े लेकिन एग्जिट स्ट्रैटजी बनाई जाए-पंजाब सीएम

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सोमवार को तमाम प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर बैठक हुई. इस दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है. इसके साथ ही केंद्र सरकार से लॉकडाउन के दौरान लोगों के जीवनयापन और जिंदगियों को सुरक्षित करने के लिए एक उचित एग्जिट स्ट्रैटजी बनाने की मांग भी की गई है.

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेशों के लिए माइक्रो प्लानिंग के तहत आर्थिक मजबूती प्रदान करने के लिए केंद्र से कदम उठाने की मांग की है. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री को कहा कि प्रदेशों के अंदर ग्रीन, ऑरेंज और रेड जोन तय करने का अधिकार राज्य सरकारों को ही होना चाहिए . केंद्र सरकार को नेशनल टेस्टिंग स्ट्रैटजी तैयार करनी चाहिए.

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार से राज्यों के लिए 3 महीने तक रेवेन्यू ग्रांट देने की मांग भी की है और इसके अलावा राज्यों के लिए विशेष आर्थिक पैकेज और फिस्कल ऐड की भी मांग की है ताकि राज्य अपने दायित्वों की कम से कम 33% की पूर्ति इस सहयोग से कर सकें.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत के दौरान उन्होंने मांग की कि राज्य के अंदर आर्थिक गतिविधियों के संचालन के निर्णय का अधिकार राज्य सरकार को मिलना चाहिए.

कोरोना संक्रमण को लेकर रेड जोन, ग्रीन जोन और ऑरेंज जोन के निर्धारण का दायित्व राज्य सरकारों को दिया जाना चाहिए. रेगुलर ट्रेन और हवाई सेवा, अंतर राज्यीय बस परिवहन की शुरुआत राज्य सरकारों से विचार विमर्श कर किया जाना चाहिए

उन्होंने कहा कि मनरेगा में 200 दिनों की मजदूरी दी जाए. इसके अलावा राहत और कल्याणकारी योजनाओं के संचालन के लिए 30 हजार करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए.

लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में बिहार के सीएम नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पीएम मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कहा कि बिहार सरकार लॉकडाउन बढ़ाने के पक्ष में है. उन्होंने कहा, बिहार सरकार का मानना है कि लॉकडाउन हटने के बाद बड़ी संख्या में राज्य में आने वाले लोगों से कोराना संकट और गहरा सकता है.

पीएम बोले- गांव तक संकट न पहुंचे अब यही चुनौती
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत इस संकट से अपने आपको बचाने में बहुत हद तक सफल हुआ है. राज्यों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है. लेकिन दो गज की दूरी कम हुई तो संकट बढ़ेगा. लॉकडाउन लागू करने में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण रही. पीएम मोदी ने कहा, हमारे प्रयास रहे कि जो जहां है वहीं रहे. लेकिन हमें कुछ निर्णय बदलने भी पड़े. गांव तक संकट ना पहुंचे अब यही सबसे बड़ी चुतौती है.

कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने की लॉकडाउन बढ़ाने की मांग
महाराष्ट्र, तेलंगाना, पंजाब और बंगाल के सीएम ने पीएम मोदी से लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी लॉकडाउन बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन बढ़ाए बिना आगे बढ़ना मुमकिन नहीं है.तेलंगाना के सीएम ने लॉकडाउन बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि पैसेंजर ट्रेन चलाने से कोरोना संक्रमण का खतरा है. वहीं, राजस्थान के मु्ख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि रेड जोन वालों को ग्रीन जोन में जाने की इजाजत ना दी जाए.

Previous article12 मई 2020 मंगलवार, पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त
Next articleLockdown:गांवों तक न पहुंचे कोरोना संकट, यह बड़ी चुनौती-PM मोदी