BJP के 4 विधायक मेरे संपर्क में, समय आने पर पेश कर दूंगा: कंप्यूटर बाबा

0

अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले कंप्यूटर बाबा ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के चार विधायक उनके संपर्क में है. उन्होंने कहा कि वो जल्दी ही कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं.

कंप्यूटर बाबा ने कहा, ‘बीजेपी के चार विधायक मेरे संपर्क में हैं और सही समय आने पर मैं सबके सामने उनको पेश करूंगा. मुख्यमंत्री कमलनाथ जब कहेंगे तब हम उनको पेश करेंगे.’ उन्होंने कहा कि बीजेपी विधायक उनके संपर्क में हैं और वे सरकार में भी शामिल हो सकते हैं.

बता दें कि एक तरफ जहां देश में अलग-अलग पार्टी के नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं तो वहीं मध्य प्रदेश में 2 बीजेपी नेता कांग्रेस में शामिल हो गए. कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस सरकार को गिरे अभी 24 घंटे भी नहीं हुए थे कि इधर मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ऐलान कर दिया कि बीजेपी के दो विधायक कांग्रेस के साथ हैं. नारायण त्रिपाठी और शरद कौल नाम के इन दोनों बीजेपी विधायकों ने कांग्रेस में जाने की बात की पुष्टि कर दी है.

मध्य प्रदेश के इस बड़े घटनाक्रम पर लोग यह कहते सुने जा रहे हैं कि कांग्रेस ने महज 24 घंटे में कर्नाटक का बदला ले लिया है. जो बीजेपी पहले कमलनाथ सरकार गिराने का दम भर रही थी, अब उसी के विधायक विरोधी खेमे में ताल ठोक रहे हैं.

Previous articleगुजरात के अहमदाबाद की रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग, 15 लोग फंसे, रेस्क्यू जारी
Next article27 जुलाई 2019 शनिवार , पंचांग एवं शुभ – अशुभ मुहूर्त