मध्य प्रदेश की सरकार पर दिल्ली से भोपाल तक सियासी महाभारत जारी है. इस बीच मंगलवार को यानी होली के दिन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हो रही है. इस बैठक में राज्यसभा के उम्मीदवारों के नाम तय होंगे. कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया भी कुछ देर बाद यहां पहुंच सकते हैं और औपचारिक तौर पर बीजेपी में उन्हें शामिल किया जाएगा.
दिल्ली में बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की हो रही ये बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी को राज्यसभा चुनाव पर चर्चा करनी है. कहा ये भी जा रहा है कि सिंधिया को बीजेपी राज्यसभा भेजने जा रही है. ऐसे में उनके नाम का ऐलान भी इस बैठक में हो सकता है.
इस बैठक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, थावरचंद गहलोत, बीजेपी संगठन मंत्री बीएल संतोष, शाहनवाज हुसैन, विजय राहठकर समेत कई नेता पार्टी हिस्सा ले रहे हैं. दरअसल, कुल 17 राज्यों के 55 राज्ससभा सांसदों का कार्यकाल अप्रैल में खत्म हो रहा है. महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 7, पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5 और तमिलनाडु में 6 सीटें खाली हो रही हैं. इसी तरह ओडिशा में 4, असम में 3, आंध्र प्रदेश में 4, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 3-3, हिमाचल और मणिपुर में 1-1, जबकि छत्तीसगढ़, तेलंगाना, हरियाणा और झारखंड में 2-2 सीटों पर चुनाव होने हैं.
बीजेपी चुनाव समिति की बैठक के बाद संसदीय दल की बैठक होगी. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित तमाम नेता मौजूद होंगे.





























































