सीएम कमलनाथ का मास्टरस्ट्रोक आना अभी बाकी है-कांग्रेस

0

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद सूबे की राजनीति में भूचाल आ गया है। एक ओर जहां अब तक 22 कांग्रेस विधायक अपना इस्तीफा सौंप चुके हैं, वहीं कांग्रेस का दावा है कि सीएम कमलनाथ का मास्टरस्ट्रोक आना अभी बाकी है। हालांकि कांग्रेस यह बताने को तैयार नहीं है कि वह कौन का मास्टरस्ट्रोक होगा, जिसके चलते वह सूबे में अपनी सरकार बचाने में कामयाब हो पाएगी। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के बीच बीजेपी का दावा है कि इस्तीफा देने वाले कांग्रेस विधायकों की संख्या 30 तक पहुंचेगी।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेता पीसी शर्मा से पूछा गया कि इतने इस्तीफों के बाद नंबर गेम के लिहाज से वह सरकार बचाने में कैसे कामयाब हो पाएंगे तो उनका जवाब कमलनाथ के भरोसे था। उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से एक नई बात सामने आएगी। शाम तक आपको कमलनाथ का मास्टरस्ट्रोक देखने को मिलेगा।’ हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि इतने इस्तीफों के बाद आखिर कांग्रेस की ओर से किस मास्टरस्ट्रोक की संभावना बची रह जाती है। आपको बता दें कि इससे पहले बीजेपी नेता भूपेंद्र सिंह ने कहा था, ‘मैं बेंगलुरु से 19 विधायकों का इस्तीफा लेकर आया हूं, शाम तक यह संख्या 30 तक पहुंच सकती है, कई कांग्रेस नेता बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं।’

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं। राज्य के 2 विधायकों का निधन हो गया जिसके बाद विधानसभा की मौजूदा शक्ति 228 हो गई है। कांग्रेस के 114 विधायक थे। इस कारण सरकार बनाने का जादुई आंकड़ा 115 रहा। कांग्रेस को 4 निर्दलीय, 2 बीएसपी और एक एसपी विधायक का समर्थन मिला हुआ है। इस तरह कांग्रेस ने कुल 121 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी जबकि बीजेपी के पास 107 विधायक हैं। सिंधिया गुट के 22 विधायकों का इस्तीफा स्वीकार होते ही विधानसभा की स्ट्रेंथ सिर्फ 206 विधायकों की बचेगी और बहुमत के लिए सिर्फ 104 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता होगी और बीजेपी इस नंबर गेम को जीतने की स्थिति में आ जाएगी।

Previous articleकांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद पहली बार सिंधिया ने मीडिया से कही ये बात
Next articleबीजेपी CEC की बैठक जारी, कुछ देर बाद पार्टी मुख्यालय पहुंचेंगे सिंधिया