CAA के समर्थन में उतरे राज ठाकरे, बोले- PAK और बांग्लादेश के घुसपैठियों को फेंको बाहर

0

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे अपने पुराने रंग में लौट आए हैं. अपने बेबाक बोल के लिए जाने जाने वाले राज ठाकरे ने गुरुवार को कहा कि भगवा मेरे डीएनए में है. साथ ही उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का समर्थन किया और कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठियों को बाहर फेंक देना चाहिए.

बाला साहेब ठाकरे की जयंती पर पार्टी के झंडे के रंग को भगवा में बदलने वाले राज ठाकरे ने मुंबई में कहा कि भगवा झंडा साल 2006 से मेरे दिल में था. हमारे डीएनए में भगवा है. मैं मराठी हूं और एक हिंदू हूं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमान भी अपने हैं. उन्होंने इस दौरान नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन किया. मनसे प्रमुख ने कहा कि मैं हमेशा कहता रहा हूं कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठियों को देश से बाहर फेंक देना चाहिए.

राज ठाकरे कई बार पीएम मोदी की आलोचना भी कर चुके हैं. इसपर उन्होंने कहा कि मुझे जब लगता है कि जो उन्होंने कहा वो सही नहीं है, तो मैं उनकी आलोचना करता हूं. लेकिन जब उन्होंने अच्छे काम किए तो मैंने तारीफ भी की. वहीं महाराष्ट्र सरकार पर उन्होंने कहा कि मैं रंग बदलने वाली सरकारों के साथ नहीं जाता. राज ठाकरे का निशाना शिवसेना की तरफ था जिसने कुछ माह पहले कांग्रेस और एनसीपी के साथ सरकार बनाई है.

राज ठाकरे ने यह भी कहा कि जिन दलों ने सीएए के खिलाफ मोर्चा खोला है, उनकी पार्टी मनसे उनके खिलाफ मोर्चा खोलेगी. सीएए के बारे में उन्होंने कहा कि जो लोग बाहर से अवैध ढंग से आए हैं, उन्हें क्यों शरण दी जानी चाहिए? राज ठाकरे ने कहा कि अगले कुछ दिनों में वे महाराष्ट्र के गृह मंत्री या मुख्यमंत्री से मिलेंगे और उनके समक्ष कुछ मुद्दे उठाएंगे. मुस्लिम धर्मगुरुओं के बारे में उन्होंने कहा कि वे विदेश जाते हैं लेकिन कोई नहीं जानता कि किस काम से जाते हैं. जबकि पुलिस भी वहां तक नहीं जा सकती.

Previous articleआंदोलनों की मौजूदा लहर देश के लोकतंत्र को करेगी मजबूत-प्रणब मुखर्जी
Next articleदेश में सभी हिंदू तो विदेश में पैदा हुए हिंदुओं की क्या पहचान-दिग्विजय सिंह